Shravasti News: सरयू नहर से 14 वर्षीय किशोरी का शव बरामद, दो दिन पहले लापता हुई थी
हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र की रहने वाली किशोरी बहराइच में रिश्तेदारी के घर गई थी। गुरुवार को नहर में डूबने के बाद तलाश जारी थी, शनिवार को सोनवा थाना क्षेत्र में शव मिला।
बदला चौराहा(श्रावस्ती), अमृत विचार: श्रावस्ती जिले में सरयू नहर से 14 वर्षीय किशोरी का शव बरामद होने से इलाके में शोक का माहौल है। किशोरी गुरुवार को नहर में डूब गई थी और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार को उसका शव सोनवा थाना क्षेत्र में सरयू नहर की मुख्य शाखा में मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया।
रिश्तेदारी में गई थी किशोरी
जानकारी के अनुसार, हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के बदला चौराहा स्थित मजरा बैजनाथ पुरवा निवासी अन्नू बाबू की रिश्तेदारी बहराइच जिले के मटेरा थाना क्षेत्र के ग्राम कोरियनपुरवा में है।
उनकी 14 वर्षीय पुत्री काजल रिश्तेदारी में गई हुई थी।
नहर किनारे पैर फिसलने से हुई घटना
बताया गया कि गुरुवार सुबह काजल शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान वह नहर के किनारे पहुंच गई, जहां कथित रूप से उसका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गई।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
सोनवा क्षेत्र में मिला शव
शनिवार को किशोरी का शव सोनवा थाना क्षेत्र में सरयू नहर की मुख्य शाखा में उतराता हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया।
पुलिस आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ेंः Shravasti News: 12 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत, घर के बाहर फंदे से लटका मिला शव
