गोंडा : सरकारी स्कूल में विवाद, सब्जी मांगने पर छात्रा को झुलसाया
कस्तूरबा विद्यालय की रसोइया पर गंभीर आरोप, बीएसए ने मांगी रिपोर्ट, जांच के आदेश
गोंडा, अमृत विचार : देहात कोतवाली क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, झंझरी-दर्जीकुआं में शनिवार रात एक छात्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है।
आरोप है कि विद्यालय की रसोइया ने सब्जी मांगने पर सातवीं कक्षा की 12 वर्षीय छात्रा के हाथ पर खौलती हुई सब्जी डाल दी, जिससे उसकी चार उंगलियां झुलस गईं। छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर वह बेहोश हो गई।
उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काजीदेवर ले जाया गया, जहां करीब तीन घंटे उपचार के बाद चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी। परिजनों की सहमति के बाद छात्रा को देर रात फिर छात्रावास भेज दिया गया।
पीड़ित छात्रा प्रतीक्षा शर्मा का आरोप है कि वह भोजन लेने गई थी। रोटी और चावल लेने के बाद जब उसने सब्जी मांगी तो रसोइया मनसा मौर्या ने जानबूझकर उसके बाएं हाथ पर खौलती हुई सब्जी डाल दी।
इससे उसकी उंगलियां जल गईं और दर्द के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। छात्रा ने आरोप लगाया कि उसकी बड़ी बहन सरगम शर्मा के साथ भी कुछ दिन पहले रसोइया ने चम्मच से मारपीट की थी। उस घटना की शिकायत उसकी मां ने अधिकारियों से की थी, जिसके बाद रसोइया को नोटिस जारी किया गया था।
छात्रा का कहना है कि उसी शिकायत की रंजिश में उसके साथ यह घटना की गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि रसोइया पहले भी कई छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार कर चुकी है। विद्यालय की वार्डन किरण वर्मा ने बताया कि छात्रा ने आकर हाथ जलाने की जानकारी दी थी। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गई। इसके बाद तत्काल एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काजीदेवर पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि छात्रा की बड़ी बहन से मारपीट का मामला भी पहले से जांच में है और संबंधित रसोइया को हटाने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है।
अब कार्रवाई जिला स्तर से ही होगी। उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापक और वार्डन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश देते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः यूपी के 1.28 लाख शिक्षकों को बड़ा तोहफाः अब 5 लाख तक कैशलेस इलाज, साथ में 3 करोड़ तक का बीमा
