भारत-नेपाल सीमा पर बैग छोड़कर भागा विदेशी युवक : सुरक्षा बलों को मिली यह खास जानकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

जरवा, बलरामपुर, अमृत विचार : भारत-नेपाल सीमा से सटे जरवा क्षेत्र में कोइलाबास चौकी के निकट रविवार को एक संदिग्ध घटना सामने आई। एक नेपाली नागरिक ई-रिक्शा में सवार होकर बालापुर की ओर जा रहा था।

कस्टम चौकी पर जांच के दौरान वह अपना पिठ्ठू बैग ई-रिक्शा में छोड़कर पास के जंगल की ओर भाग निकला। बैग की तलाशी लेने पर उसमें करीब 20 किलोग्राम संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ, जिसे कस्टम विभाग ने कब्जे में लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, जरवा बाजार निवासी ई-रिक्शा चालक डॉक्टर सीमा से सवारी लेकर बालापुर जा रहा था। रास्ते में कोइलाबास पुल के पास एक नेपाली व्यक्ति रिक्शे पर बैठ गया। कस्टम चौकी के सामने तैनात दीवान अतुल ने नियमित जांच के लिए ई-रिक्शा रोका।

इसी दौरान नेपाली व्यक्ति बैग रिक्शे में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। संदिग्ध परिस्थिति को देखते हुए बैग की तलाशी ली गई, जिसमें एक थैले में लगभग 20 किलो संदिग्ध पदार्थ मिला।

घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई। ई-रिक्शा चालक का बयान दर्ज करने के बाद उसे जाने दिया गया। कस्टम विभाग ने बरामद पदार्थ को सील कर रासायनिक परीक्षण के लिए लैब भेज दिया है।

कस्टम सुपरिटेंडेंट प्रशांत कुमार ने बताया कि बरामद पदार्थ की लैब जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

यदि लैब परीक्षण में पदार्थ मादक निकला, तो भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं। रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर आने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़ेंः यूपी के 1.28 लाख शिक्षकों को बड़ा तोहफाः अब 5 लाख तक कैशलेस इलाज, साथ में 3 करोड़ तक का बीमा

संबंधित समाचार