Ram Mandir Trust Meeting : 22 जुलाई को तीन नए ट्रस्टियों के नाम होंगे तय, CEO नियुक्ति और SIT रिपोर्ट पर भी मंथन
मणिराम दासजी की छावनी में अपराह्न तीन बजे से दो चरणों में होगी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक
अयोध्या में 22 जुलाई को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की दो चरणों में अहम बैठक होगी। बैठक में ट्रस्ट के तीन रिक्त पदों पर नए सदस्यों के नामों को मंजूरी दी जाएगी। साथ ही नए CEO की नियुक्ति, विभिन्न समितियों के पुनर्गठन और चढ़ावा चोरी मामले की SIT रिपोर्ट समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
अयोध्या, अमृत विचार : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अगली बैठक 22 जुलाई को आयोजित होने जा रही है। इस बार यह बैठक मणिराम दास छावनी में दो चरणों में संपन्न होगी। पहली बैठक तीन बजे होगी, इसमें ट्रस्ट में खाली हुए तीन सदस्यों के पद पर नए सदस्यों के नाम पर स्वीकृति दी जाएगी। दूसरी बैठक शाम चार बजे से प्रारंभ होगी। इसमें राम जन्मभूमि परिसर की व्यवस्था, सीईओ के नियुक्ति प्रक्रिया व अन्य कार्यों पर मंथन किया जाएगा।
वहीं, ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास के अनुसार रिक्त पड़े तीन पदों पर नए सदस्यों के नाम तय हो चुके हैं।
सूत्र बताते हैं कि मुख्य बैठक से पहले तीन बजे होने वाली बैठक में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास व अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन समेत अन्य सदस्य ही मौजूद रहेंगे। इसमें सबसे पहले ट्रस्ट में रिक्त पड़े तीन सदस्य के पदों पर नए सदस्यों के नाम की चर्चा कर उसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
साथ ही मंदिर में नियुक्त होने वाले मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर योग्य आवेदनकर्ता का चयन भी किया जा सकता है। हालांकि माना जा रहा है कि इसके लिए ट्रस्ट द्वारा गठित चयन समिति अभी इसके लिए तैयार नहीं है। आवेदक ज्यादा होने पर अंतिम तीन नामों को चयनित करने में दिक्कतें आ रही है।
वहीं, चार बजे आयोजित होने वाली मुख्य बैठक में अयोध्या के कुछ प्रमुख साधु-संतों को भी विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में आमंत्रित किया जा सकता है। इन सबके समक्ष पहली बैठक में तय किए गए एजेंडे को रखा जा सकता है। उसके बाद ही अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
इस बैठक में ट्रस्ट द्वारा विभिन्न समितियों के पुनर्गठन पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट मिलती है तो उस पर मंथन किया जाएगा। साथ ही अध्यक्ष की अनुमति से कुछ अन्य विषयों पर भी चर्चा की जा सकती है। सूत्र बताते हैं कि इस बैठक में अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के अधिकारों में बढ़ोतरी करने का भी प्रस्ताव पास किया जा सकता है। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने बैठक की अधिसूचना जारी कर दी है। सभी सदस्यों को बैठक में मौजूद रहने के लिए आमंत्रित किया गया है।
योग्य ही बनेंगे सदस्य
-राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने रविवार को बताया कि ट्रस्ट में जो लोग चले गए या इस्तीफा दिए हैं, उनके स्थान पर नए लोगों के नाम तय हो चुके हैं। 22 जुलाई को बैठक में तय नाम घोषित किए जाएंगे। कहा कि बहुत से लोग अपने लिए पैरवी कर रहे हैं, लेकिन योग्य ही सदस्य बनेंगे। कहा कि राम जन्मभूमि वैष्णो संप्रदाय की है, जहां उसी परंपरा के अनुसार पूजन-अर्चन किया जा रहा है। मैं रोज दर्शन पूजन व व्यवस्था की निगरानी के लिए जा रहा हूं, सब ठीक चल रहा है।
इंसेट:
ट्रस्ट में तीन पद हैं रिक्त
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद चंपतराय, डॉ. अनिल मिश्र ने इस्तीफा दे दिया है। छह जुलाई को हुई बैठक में उसे स्वीकार भी कर लिया गया था। इससे ट्रस्ट में तीन पद खाली हो गए हैं। जिनमें एक पद अयोध्या राजा विमलेंद्र मोहन मिश्र के निधन से रिक्त हुआ था।
