Sambhal News : खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर बिना लाइसेंस मिठाई निर्माण कराया बंद

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

गंदगी भरे माहौल में खराब गुणवत्ता के साथ किया जा रहा था मिठाई का निर्माण 

संभल, अमृत विचार। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को बहजोई में बिना लाइसेंस संचालित एक मिठाई निर्माणशाला में भारी अनियमितताएं मिलने पर उसका संचालन तत्काल बंद करा दिया गया। साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई और पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-2 मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सबसे पहले बहजोई के कुम्हारन मोहल्ला स्थित अज्जी हलवाई की मिठाई निर्माणशाला का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान संचालक निर्माणशाला का खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने केवल ब्रह्म बाजार स्थित दुकान का लाइसेंस दिखाया। निरीक्षण में निर्माणशाला के भीतर अत्यधिक गंदगी, जर्जर फर्श, दीवारों और छत पर जाले, खुले में रखी मिठाइयां तथा मक्खियों और कीटों की मौजूदगी समेत कई अनियमितताएं मिलीं। टीम ने मौके पर रखे पनीर में मिलावट की आशंका के चलते उसका नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। साथ ही निर्माणशाला का संचालन तत्काल बंद कराते हुए निर्देश दिए कि आवश्यक सुधार और नियमानुसार लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही दोबारा संचालन किया जाएगा। अभियान के दौरान गुन्नौर के जूलेपुरा स्थित नन्हू मिठाई शॉप से बर्फी तथा कन्हैया स्वीट्स से गुलाब जामुन के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए।अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार