यूपी में बनेगा नया रिकॉर्ड, एक पेड़ मां के नाम अभियान से सीएम योगी का लक्ष्य- लगेंगे 35 करोड़ पौधे
जनप्रतिनिधियों से वर्चुअल संवाद में सीएम योगी का आह्वान, दो दिन में पूरी करें तैयारियां
लखनऊ, अमृत विचार: “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में इस वर्ष एक नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने “पौधरोपण महाभियान-2026” की तैयारियों को लेकर सोमवार को प्रदेशभर के जनप्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल संवाद किया और 12 जुलाई को होने वाले इस कार्यक्रम को जनआंदोलन के रूप में सफल बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जो अब तक का सबसे बड़ा पौधरोपण अभियान होगा। उन्होंने सभी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों और अन्य जनप्रतिनिधियों से अगले दो दिनों में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पौधरोपण अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यापक जनभागीदारी का अभियान बन चुका है। पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 247 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर ही पांच करोड़ से अधिक पौधरोपण किया गया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी क्षेत्रीय स्तर पर पौधरोपण स्थलों का चयन किया जाए और वन विभाग व जिला प्रशासन से पौधों की मांग समय से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल भी उतनी ही जरूरी है, इसलिए ट्री-गार्ड, सिंचाई और संरक्षण की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।
इस वर्ष कई थीम आधारित वन भी विकसित किए जाएंगे, जिनमें औषधि वन, समरस वन, समृद्धि वन, कृषि वन, ऊर्जा वन और कपि वन शामिल हैं। साथ ही सड़क किनारे, नदियों के किनारे, एक्सप्रेसवे, मंडी समितियों और खाली भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान और भविष्य दोनों के लिए आवश्यक है और वृक्षारोपण ग्लोबल वार्मिंग व प्राकृतिक आपदाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
विशेष अभियान भी होंगे शुरू
महाभियान के साथ मिशन छाया, अविरल धारा पौधरोपण, सहजन भंडारा, आम भंडारा जैसे कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। इसके अलावा 15 अगस्त को ''''वंदे मातरम वाटिका'''', रक्षाबंधन पर ''''भाई-बहन पौधरोपण'''' और 5 सितंबर को ''''एक पेड़ गुरु के नाम'''' अभियान भी आयोजित किया जाएगा।
72 हजार जनप्रतिनिधियों पर बड़ी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 72 हजार से अधिक निर्वाचित जनप्रतिनिधि शासन की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि सभी सक्रिय भागीदारी निभाएं तो 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य आसानी से पूरा होगा। उन्होंने भारतीय वैज्ञानिक डॉ. जगदीश चंद्र बसु का उल्लेख करते हुए कहा कि पेड़-पौधों में भी संवेदनाएं होती हैं, इसलिए उनका संरक्षण हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
रामपथ पर हरियाली का अभियान, रोपे पौधे
जब धरती हरी-भरी होगी, तभी मानव जीवन सुरक्षित और समृद्ध होगा। इस संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से वन विभाग, अर्चिशा फाउंडेशन प्रयागराज और अभिनव भारत न्यास के संयुक्त तत्वावधान में अयोध्या के रामपथ पर पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य कोषाधिकारी ममता सिंह ने सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौध लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। अभिनव भारत न्यास के अध्यक्ष अभिनव सिंह राजपूत ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का आधार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। अर्चिशा फाउंडेशन की संरक्षिका मंशा सिंह ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। मौजूद लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। न्यास की ओर से विजय प्रताप सिंह, हृदयराम, अमन, शुभम सिंह, अभिषेक, यशवेंद्र सहित अन्य लोग मौजूद थे।
लखनऊ विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में चलेगा वृक्षारोपण महाभियान
लखनऊ विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। जिसके लिए सभी महाविद्यालयों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों को इसकी सूचना क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को भी प्रेषित करनी होगी।
