Bahraich News: बहराइच में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक
बहराइच, अमृत विचार। शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति 5.0' अभियान के द्वितीय चरण के तहत मंगलवार को जिले भर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने बाजारों, कस्बों, चौराहों और धार्मिक स्थलों पर भ्रमण कर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
महिला पुलिस कर्मियों की टीमों ने भ्रमण के दौरान पंपलेट बांटकर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं व बच्चों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, यूपी राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, पीएम स्वानिधि व सम्मान निधि योजना, वन स्टॉप सेंटर, आयुष्मान योजना तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में विस्तार से बताया।
इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता के लिए पुलिस व प्रशासन द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (इमरजेंसी कॉल/पैनिक बटन), सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस 108, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 का निडर होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
ये भी पढ़ें :
मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक, बलिया गांव की 45 वर्षीय महिला पर हमला, चारा काटते समय उतारा मौत के घाट
