Rampur News : रामपुर में गोकशी की सूचना पर पुलिस की मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली; दो गिरफ्तार, एक फरार
रामपुर के भोट थाना क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कलुआ के पैर में गोली लगी, जबकि शुऐब उर्फ सोएफ को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी जंगल में फरार हो गया। पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस, गोकशी के उपकरण और बाइक बरामद करने का दावा किया है।
रामपुर, अमृत विचार। भोट थाना क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, गोकशी के उपकरण और एक बाइक बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पेड़ से बंधा मिला गोवंशीय पशु
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रामपुर अनिल सिसोदिया के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार रात भोट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पीपल गांव से अहमदनगर तराना जाने वाली सड़क से खेतों की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास जंगल में कुछ लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दूर से तीन युवक एक गोवंशीय पशु को पेड़ से बांधे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस पर दो बार फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही एक आरोपी ने पुलिस पर फायर किया, लेकिन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन दूसरे आरोपी ने भी पुलिस टीम पर गोली चला दी। हालांकि उसकी गोली भी निशाने से चूक गई। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कलुआ पुत्र सैदा निवासी चमरौआ, थाना शहजादनगर, रामपुर के दाहिने पैर में गोली लगी। गोली लगने से घायल कलुआ को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल रामपुर में भर्ती कराया।
दूसरा आरोपी गिरफ्तार, तीसरा जंगल में फरार
पुलिस ने मौके से दूसरे आरोपी शुऐब उर्फ सोएफ पुत्र शमशाद निवासी धौरा टांडा, भोजीपुरा, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीसरा आरोपी गौरा पुत्र सैदा निवासी चमरौआ, थाना शहजादनगर, रामपुर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
तमंचे, कारतूस और गोकशी के उपकरण बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक बाइक बरामद की गई है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर भोट थाने में आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी दो-दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह त्यागी, उप निरीक्षक शुभम कुमार और कार्तिक सहरावत, हेड कांस्टेबल प्रबल प्रताप सिंह, अनुज कुमार और सुधीर कुमार तथा कांस्टेबल सौरभ कुमार, अरुण कुमार, अजयपाल सिंह, पुष्पेंद्र कुमार और विशांत कुमार शामिल रहे।
यह भी पढ़ें:-
