मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा : दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवकों को डंपर ने कुचला, 2 की मौत
बाइक सवार दो युवकों की डंपर से कुचलकर मौत, 2 गंभीर
मुरादाबाद के मूंढापांडे क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो फर्म कर्मियों की मौत हो गई। बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवकों को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया, जबकि 2 अन्य घायल हैं।
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर एयरपोर्ट भदासना के पास दो बाइकों की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवकों को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने बेरहमी से कुचल दिया। इस खौफनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
ड्यूटी पर जाते समय रास्ते में मिली मौत
जानकारी के अनुसार, रजौड़ा कन्नरदेव निवासी 25 वर्षीय खेमपाल, 25 वर्षीय सौरभ और उनका साथी सूरज एक ही बाइक पर सवार होकर रामपुर दोराहे स्थित 'आरएच फर्म' में अपनी ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जब उनकी बाइक लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर एयरपोर्ट भदासना के पास पहुंची, तभी दौलारी की ओर से आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खेमपाल और सौरभ बाइक से उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरे।
तेज रफ्तार डंपर काल बनकर आया
जिस वक्त दोनों युवक सड़क पर गिरे, ठीक उसी समय रामपुर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार डंपर उनके लिए काल बनकर आ गया। डंपर चालक ब्रेक नहीं लगा सका और सड़क पर पड़े खेमपाल और सौरभ को कुचलता हुआ निकल गया। दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे में मृतक युवकों का साथी सूरज और दूसरी बाइक पर सवार दौलारी निवासी रहमत गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
चालक डंपर छोड़कर फरार, घायलों का इलाज जारी
हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक अपना वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मूंढापांडे थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आनन-फानन में दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
"हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मौके से डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।" - मोहित चौधरी, थाना प्रभारी, मूंढापांडे।
ये भी पढ़ें - Rampur News : रामगंगा पार करते हुए युवक डूबा, पीएसी गोताखोर तलाश में जुटे
