Cricket News: मैच के बीच अचानक आसमान में दिखा अद्भुत नजारा, सूर्य ग्रहण देखने में खो गए खिलाड़ी-दर्शक; VIDEO वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

द हंड्रेड में बर्मिंघम फीनिक्स और एमआई लंदन के मुकाबले के दौरान अचानक सूर्य ग्रहण शुरू हो गया। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने चश्मे लगाकर इस खगोलीय घटना को देखा। मैच कुछ देर के लिए रुका और इसके बाद भी लोगों का ध्यान सूर्य ग्रहण पर ही टिका रहा।

डिजिटल डेस्कः क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर हो और उसी दौरान आसमान में सूर्य ग्रहण दिखाई देने लगे तो जाहिर है लोगों का ध्यान मैदान से हटकर आसमान पर चला जाएगा। भारतीय समयानुसार बुधवार देर शाम ऐसा ही अद्भुत नजारा देखने को मिला। हालांकि यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं दिया, लेकिन दुनिया के कई हिस्सों में लोगों ने इसे देखा।

इसी दौरान द हंड्रेड के मुकाबले में बर्मिंघम फीनिक्स और एमआई लंदन आमने-सामने थे। मैच के बीच सूर्य ग्रहण का नजारा स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के लिए मुकाबले से भी बड़ा आकर्षण बन गया।

60 गेंद के बाद अचानक बदला आसमान का नजारा

बुधवार को बर्मिंघम फीनिक्स और एमआई लंदन के बीच 100 गेंदों का मुकाबला खेला जा रहा था। पहली पारी में जब 60 गेंदें पूरी हुईं, उसी दौरान आसमान में सूर्य ग्रहण का असर नजर आने लगा।

कुछ देर पहले तक तेज रोशनी के साथ चमक रहा सूर्य धीरे-धीरे ढकता चला गया। देखते ही देखते उसका आकार आधे कटे चांद जैसा दिखाई देने लगा। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने इस दुर्लभ नजारे को तुरंत कैमरों में कैद करना शुरू कर दिया।

मैच छोड़ सूर्य ग्रहण देखने लगे दर्शक

सूर्य ग्रहण शुरू होते ही स्टेडियम का माहौल कुछ देर के लिए बदल गया। मैच को थोड़ी देर के लिए रोका गया और दर्शक विशेष चश्मे की मदद से आसमान की ओर देखने लगे।

मैच ज्यादा देर तक नहीं रुका और खेल फिर शुरू हो गया, लेकिन सूर्य ग्रहण खत्म होने तक दर्शकों की नजरें बार-बार आसमान की ओर जाती रहीं। क्रिकेट मुकाबले के बीच हुआ यह खगोलीय नजारा सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।

स्काई स्पोर्ट्स ने भी इस अद्भुत पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें मैच के दौरान सूर्य ग्रहण का नजारा देखा जा सकता है।

एमआई लंदन ने दो रन से जीता मुकाबला

मैच के नतीजे की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई लंदन ने 157 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बर्मिंघम फीनिक्स की टीम 100 गेंदों में 7 विकेट पर 155 रन ही बना सकी। इस तरह एमआई लंदन ने मुकाबला दो रन से जीत लिया।

हालांकि मैच का नतीजा एमआई लंदन के पक्ष में रहा, लेकिन मुकाबले के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा क्रिकेट से ज्यादा सूर्य ग्रहण के अद्भुत नजारे की हुई।

यह भी पढ़ेंः हार्दिक की GT में वापसी पर बड़ा पेंच! कप्तानी की शर्त ने अटकाई डील, शुभमन गिल से भी हुई थी बात

संबंधित समाचार