Rahul Gandhi: 'सरकार मुझे छात्रों की आवाज उठाने से नहीं रोक सकती', प्रयागराज कार्यक्रम रद्द होने पर राहुल का हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने पर बोले कांग्रेस नेता- सरकार छात्रों की आवाज से डर रही है

प्रयागराज में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, उन्हें छात्रों की आवाज उठाने से नहीं रोक सकती।

डिजिटल डेस्क, अमृत विचार। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रयागराज में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से दो दिन पहले बृहस्पतिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार चाहे जितनी भी कोशिश कर ले, उन्हें छात्रों की आवाज उठाने से रोक नहीं सकती।

उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की जब प्रयागराज के केपी ग्राउंड में ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम के लिए दी गयी अनुमति रद्द कर दी गई। राहुल गांधी ने एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र फीस वृद्धि और सीट कटौती के खिलाफ अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर प्राथमिकी दर्ज करा रहा है।

राहुल ने केंद्र सरकार लगाया युवाओं की आवाज दबाने का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीति युवाओं की आवाज दबाने की है और सवाल पूछने या विरोध करने पर कार्रवाई की जाती है। कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने छात्रों की बात सुनने के लिए प्रयागराज आने का फैसला किया, तब से प्रशासन उनके कार्यक्रम को हरसंभव तरीके से रोकने की कोशिश कर रहा है।

राहुल गांधी ने कहा कि इससे स्पष्ट है कि प्रशासन छात्रों की आवाज से भी डर रहा है। उन्होंने कहा, "मैं छात्रों के साथ हूं। सरकार चाहे जितनी भी कोशिश कर ले, मुझे छात्रों की आवाज उठाने से रोक नहीं सकती।"गौरतलब है कि प्रयागराज के केपी ग्राउंड में प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए पहले दी गई अनुमति प्रशासन ने कार्यक्रम से दो दिन पहले रद्द कर दी, जिसके बाद कांग्रेस ने इस फैसले का विरोध किया है।  

संबंधित समाचार