श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया का बड़ा टेस्ट! स्पिन के खिलाफ खुद को परखेंगे गिल-राहुल-जायसवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

15 अगस्त से गॉल में शुरू होगी दो टेस्ट की सीरीज, उससे पहले श्रीलंका XI के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में भारतीय बल्लेबाजों की स्पिन परीक्षा

कोलंबो: श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले भारतीय बल्लेबाजों के सामने अपनी तैयारियों को परखने का अहम मौका होगा। टीम इंडिया शुक्रवार से नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब मैदान पर श्रीलंका एकादश के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। भारतीय बल्लेबाज खास तौर पर स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अपनी तैयारियों को मजबूत करने पर ध्यान देंगे।

हाल की टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों को घरेलू परिस्थितियों में भी अच्छी स्पिन गेंदबाजी के सामने परेशानी हुई थी। श्रीलंका में परिस्थितियां भी स्पिन के लिहाज से चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं। ऐसे में 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पहले यह अभ्यास मैच टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गिल, राहुल और जायसवाल कर चुके हैं तैयारी

कप्तान शुभमन गिल, उपकप्तान लोकेश राहुल और यशस्वी जायसवाल श्रीलंका रवाना होने से पहले अपने-अपने घरेलू अभ्यास केंद्रों पर स्पिन के खिलाफ तैयारी कर चुके हैं। हालांकि, श्रीलंकाई परिस्थितियों में मैच जैसी स्थिति में बल्लेबाजी करना उनके लिए ज्यादा उपयोगी साबित हो सकता है।

तीन दिवसीय मुकाबले से भारतीय खिलाड़ियों को स्थानीय परिस्थितियों, पिच और मौसम के साथ तालमेल बैठाने का मौका मिलेगा। टीम के कई खिलाड़ी पहली बार श्रीलंका में लाल गेंद के क्रिकेट में उतरेंगे।

2017 के बाद श्रीलंका में बदली टीम

भारत ने पिछली बार 2017 में श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेली थी। उसके बाद टीम में काफी बदलाव हुए हैं। मौजूदा भारतीय टीम में सिर्फ लोकेश राहुल, कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा को श्रीलंका में टेस्ट खेलने का अनुभव है।

जसप्रीत बुमराह चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में तेज गेंदबाजी की अगुआई मोहम्मद सिराज करेंगे। उनके साथ प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मानव सुतार और सारांश जैन जैसे गेंदबाज मौजूद हैं।

बराड़ और सारांश पर भी नजर

मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को छोड़ दें तो भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के ज्यादातर खिलाड़ी श्रीलंकाई परिस्थितियों में अपेक्षाकृत कम अनुभवी हैं। ऐसे में अभ्यास मैच उनके लिए अपनी क्षमता दिखाने का अच्छा मौका होगा।

गुरनूर बराड़ और सारांश जैन ने पिछले महीने गॉल में भारत ए की ओर से श्रीलंका ए के खिलाफ प्रभावी प्रदर्शन किया था। दोनों खिलाड़ी इस मुकाबले में भी अच्छा प्रदर्शन कर अपनी तैयारियों को मजबूत करना चाहेंगे। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले आकिब नबी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश करेंगे।

गौतम गंभीर ने दिया हर चुनौती के लिए तैयार रहने का संदेश

मुख्य कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों से हर पहलू पर पूरी तैयारी करने को कहा है। बीसीसीआई की ओर से जारी वीडियो में उन्होंने कहा कि टीम को पता है कि उसके सामने किस तरह की चुनौती है और खिलाड़ियों को अपनी क्षमता की सीमा तक तैयारी करनी होगी।

गंभीर के मुताबिक, टीम को 15 अगस्त की सुबह तक हर संभावित चुनौती का जवाब तैयार रखना होगा, फिर चाहे भारत पहले बल्लेबाजी करे या गेंदबाजी।

बारिश बन सकती है तैयारी में रोड़ा

भारतीय टीम की तैयारियों पर मौसम भी असर डाल सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से कोलंबो में रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान जताया है। ऐसे में अभ्यास मैच के दौरान मौसम की भूमिका भी अहम हो सकती है।

श्रीलंका XI भी मजबूत, कई दावेदार शामिल

श्रीलंका ने भी अभ्यास मैच के लिए मजबूत टीम चुनी है। तीन टेस्ट खेल चुके सोनल दिनुषा टीम की कप्तानी करेंगे। टीम में तेज गेंदबाज विश्वा फर्नांडो और लाहिरू कुमारा के अलावा स्पिनर इसिथा विजेसुंदरा और रमेश मेंडिस जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

इनमें कई खिलाड़ी श्रीलंका की टेस्ट टीम में जगह बनाने के दावेदार हैं। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को अभ्यास मैच में भी मजबूत चुनौती मिलने की उम्मीद है।

भारत की टीम

शुभमन गिल (कप्तान), लोकेश राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुतार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी।

श्रीलंका XI

निशान मधुष्का, रविंदु रशनथा, पसिंदु सूरियाबंदर, पवन रतनायके, अहान विक्रमसिंघे, सोनल दिनुषा (कप्तान), अंजला बंडारा (विकेटकीपर), निपुन दनंजय, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो, असंका मनोज, इसिथा विजेसुंदरा, रमेश मेंडिस, केसारा नुवंथा, दिलुम सुदीरा।

मैच शुरू होने का समय: भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे।

यह भी पढ़ेंः Glasgow Commonwealth Games के बाद 5 खिलाड़ी ‘लापता’, पाकिस्तानी बॉक्सर समेत 4 मुक्केबाज गायब; Scotland Police ने शुरू की जांच

संबंधित समाचार