Bankipur By-Election : नितिन नबीन के गढ़ में जीते प्रशांत किशोर, बीजेपी के नीरज सिन्हा हारे

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : चुनाव रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव जीत लिया है, वह जन सुराज पार्टी (JSP) के पहले विधायक बन गये हैं। जिस तरह से मतगणना के दौरान उन्होंने शुरू से ही बढ़त बनाकर रखी थी, कहा जा रहा है कि प्रशांत किशोर ने एक तरफ चुनाव जीता है, उन्होंने करीब 18953 वोटों से जीत दर्ज की है।

प्रशांत किशोर जन सुराज पार्टी के संस्थापक है और बांकीपुर सीट से मैदान में थे, बताया जा रहा है कि बतौर प्रत्याशी यह उनका पहला चुनाव है, उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा को हराया है। प्रशांत किशोर को 63,203 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार 44,250 वोट ही हासिल कर सके।

दरअसल, बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई थी। यह उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई सीट पर कराया गया था। नितिन नबीन ने नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में लगातार पांचवीं बार यह सीट जीती थी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 50 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया था।

एक अधिकारी ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतों की गिनती कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई थी। 30 जुलाई को हुए मतदान में 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो पिछले विधानसभा चुनाव के 41.45 प्रतिशत मतदान की तुलना में सात प्रतिशत कम रहा।

चुनाव में 26 उम्मीदवार आजमा रहे थे किस्मत

इस बार चुनाव मैदान में कुल 26 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे। राजद ने उपचुनाव में एक बार फिर रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया था। जबकि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने इस सीट से अपना पहला चुनाव लड़ा है। वहीं, भाजपा ने इस सीट पर युवा मोर्चा के अपेक्षाकृत कम चर्चित नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार के तौर पर पेश किया था। 

यह भी पढ़ें :  Bankipur By-Election : 'यह जीत बांकीपुर की जनता की है', प्रशांत किशोर बोले- BJP नेतृत्व अच्छे व्यक्ति को बनाए CM

संबंधित समाचार