Sultanpur News : सावन के पहले सोमवार शिव मंदिर से लौट रहीं दो युवतियों को कार ने रौंदा, परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

गोसाईगंज के मौलागंज-सैफुल्लागंज के पास तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी टक्कर

सुलतानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में सावन के पहले सोमवार को शिव मंदिर से दर्शन-पूजन कर लौट रही दो युवतियों की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

सुलतानपुर, अमृत विचार। सावन के पहले सोमवार पर शिव मंदिर में दर्शन-पूजन कर घर लौट रहीं दो युवतियों की सड़क हादसे में मौत हो गई। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मौलागंज-सैफुल्लागंज के पास सोमवार को तेज रफ्तार कार ने पीछे से दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

टांटियानगर निवासी पार्वती (22) पुत्री लाल बहादुर निषाद और मनकी (19) पुत्री ओमप्रकाश निषाद सैफुल्लागंज स्थित शिव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पैदल टांटियानगर चौराहे की ओर जा रही थीं। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर मौलागंज के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा। वहां चिकित्सकों ने पार्वती को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनकी का उपचार शुरू किया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया। दो युवतियों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी पर क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह और थानाध्यक्ष अखण्डदेव मिश्रा मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। दुर्घटनाग्रस्त कार पुलिस के कब्जे में है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार