Rampur News : आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी को बड़ी राहत, आरडीए के ध्वस्तीकरण आदेश पर कमिश्नर की रोक 

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

RDA के आदेश पर मुरादाबाद कमिश्नर की रोक, जौहर यूनिवर्सिटी पर फिलहाल नहीं चलेगा बुलडोजर

आजम खान को बड़ी राहत देते हुए मुरादाबाद कमिश्नर ने जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को गिराने के आरडीए (RDA) के आदेश पर फिलहाल रोक लगा दी है। मामले में अगली सुनवाई तक यथास्थिति बनी रहेगी।

रामपुर, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट 'मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी' को फिलहाल बड़ी कानूनी राहत मिली है। रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा यूनिवर्सिटी परिसर के 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश पर मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर ने अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है। वहीं, राजनीतिक मोर्चे पर भी सरगर्मियां तेज हो गई हैं; आजम खान की पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा ने जल्द ही सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के रामपुर आने का दावा किया है।

दरअसल, इस पूरे मामले की सुनवाई 28 जुलाई को मुरादाबाद कमिश्नर कार्यालय में प्रस्तावित थी। लेकिन, शोक अवकाश होने के कारण कार्यालय में कामकाज प्रभावित रहा और निर्धारित सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से राहत की मांग करते हुए कमिश्नर के समक्ष एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। इस पर विचार करते हुए मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने अंतरिम आदेश जारी कर दिया। उन्होंने मामले की अगली सुनवाई तक किसी भी तरह की ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल टला बुलडोजर का खतरा, अगली तारीख का इंतजार
कमिश्नर के इस अंतरिम आदेश के बाद फिलहाल जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों पर मंडरा रहा बुलडोजर का खतरा टल गया है। अब सभी की निगाहें अगली सुनवाई की तारीख पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि आरडीए का ध्वस्तीकरण आदेश बरकरार रहेगा या उसमें कोई संशोधन किया जाएगा। हालांकि, अंतिम फैसला आने तक यूनिवर्सिटी प्रशासन को यह एक बड़ी फौरी राहत मानी जा रही है।

जेल में आजम खान से मिलीं तंजीन फातिमा
कानूनी दांव-पेंच के बीच रामपुर की राजनीति भी गरमाई हुई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान से उनकी पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा ने रामपुर जिला जेल में जाकर मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ उनके बड़े बेटे अदीब आजम और समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अजय सागर भी मौजूद रहे। करीब एक घंटे तक चली इस अहम मुलाकात के बाद डॉ. तंजीन फातिमा ने बाहर आकर मीडिया से मौजूदा हालात पर बातचीत की।

जल्द रामपुर आ सकते हैं अखिलेश यादव
पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. तंजीन फातिमा ने एक बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जल्द ही रामपुर का दौरा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत अखिलेश यादव जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मुद्दे और विवि के गेट पर धरने पर बैठे छात्रों के समर्थन में रामपुर पहुंचेंगे। हालांकि, अभी तक उनके दौरे की आधिकारिक तारीख और कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में कानूनी और राजनीतिक, दोनों ही मोर्चों पर जौहर यूनिवर्सिटी का मुद्दा आने वाले दिनों में और गरमाने के आसार हैं।

ये भी पढ़ें - Moradabad News : इंजीनियर पति को धोखा देकर प्रेमी से मिलने बंगाल पहुंची शिक्षिका, दोनों ने खाया जहर.. महिला की मौत

संबंधित समाचार