यूपी में भारी बारिश की चेतावनी : 12 जिलों में रेड अलर्ट, 24 जुलाई तक तेज बारिश की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सक्रिय दक्षिण-पश्चिम मानसून के चलते अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के 12 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों में बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज

आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक बारिश बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में 174 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा बिजनौर के मुसमरी में 160 मिमी, रामपुर के कालीनगर में 152.4 मिमी और शाहजहांपुर के पुवायां में 150.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आने वाले मजबूत मानसूनी प्रवाह के कारण उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अगले कुछ दिनों तक जारी रहेंगी। इस दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

आईएमडी ने 21 जुलाई से 25 जुलाई तक दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। विभाग के अनुसार, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और जालौन समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बिजली चमकने और आंधी-तूफान की संभावना जताई है। आईएमडी ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।

तापमान में गिरावट से मिलेगी राहत

आईएमडी के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है। सोमवार और मंगलवार को पूर्वी तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी मंडलों में आंधी के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में अब तक उत्तर प्रदेश में सामान्य 266.2 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले 204.2 मिलीमीटर बारिश हुई है। 20 जुलाई तक के आंकड़ों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 33 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें : 
यूपी में बढ़ा गंगा-घाघरा का जलस्तर, कई जिलों में कटान से हड़कंप; अगले 24 घंटे भारी वर्षा के आसार

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज