सीतापुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: ओला कार लूटकांड का खुलासा, अमेठी-गोंडा के दो शातिर गिरफ्तार
लखनऊ से ओला कार बुक कर चालक से की थी लूट, पुलिस ने लूटी गई कार, नकदी और अवैध असलहा बरामद किया।
सीतापुर: कमलापुर थाना पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की मदद से ओला कार लूटकांड का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ओला कार, नकदी और अवैध असलहा व कारतूस बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि 19 जुलाई की रात आरोपियों ने लखनऊ के कामता बस स्टैंड से कमलापुर जाने के लिए 1,400 रुपये में ओला कार बुक की थी। रास्ते में कमलापुर क्षेत्र पहुंचने पर बदमाशों ने चालक प्रमोद कुमार सिंह को चाकू दिखाकर मारपीट की और कार लूटकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष कुमार, निवासी जगतपुर, थाना शिवरतनगंज (अमेठी) और अजय प्रताप सिंह उर्फ अंकित सिंह, निवासी पूरे संत सिंह मजरा सलोनी मोहम्मदपुर, थाना उमरी बेगमगंज (गोंडा) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लूटी गई कार का इस्तेमाल सवारियां ढोने के साथ-साथ आगे भी लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा और अयोध्या सहित कई जिलों में गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
