बरेली में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 58 आरोपी गिरफ्तार, 1.67 करोड़ की ठगी का खुलासा
ऑपरेशन 'साईं-वज्र' के तहत छह दिन में बड़ी कार्रवाई। 26.49 लाख रुपये नकद, 69 मोबाइल, 21 एटीएम कार्ड और फर्जी दस्तावेज बरामद, कई राज्यों तक फैला साइबर ठगी का नेटवर्क जांच के घेरे में।
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन 'साईं-वज्र' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 58 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के छठे दिन जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान 26.49 लाख रुपये नकद, 69 मोबाइल फोन, 21 एटीएम कार्ड और फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर 150 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। शुरुआती जांच में इन गिरोहों की ओर से देश के कई राज्यों में करीब 1.67 करोड़ रुपये की साइबर ठगी किए जाने की पुष्टि हुई है।
झारखंड गिरोह का भंडाफोड़, 31 चोरी के मोबाइल बरामद
साइबर थाना पुलिस ने झारखंड से जुड़े चार सदस्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों में मोबाइल चोरी करता था और उनमें मौजूद डेटा झारखंड में सक्रिय साइबर ठगों तक पहुंचाता था।
इस कार्रवाई में 31 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में अश्वनी कुमार महतो, गोविंद कुमार महतो, बादल महतो और बरेली निवासी राहुल मिश्रा शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि राहुल स्थानीय स्तर पर गिरोह की मदद करता था और कथित तौर पर चोरी करवाने के एवज में प्रतिदिन 5 हजार रुपये लेता था।
.png)
लालच और डर दिखाकर खातों में मंगवाते थे पैसे
थाना किला पुलिस ने शिवांग और ओम अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि दोनों लोगों को अधिक मुनाफे का लालच या डर दिखाकर उनके बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराते थे।
इनके कब्जे से 26.49 लाख रुपये नकद, डेबिट कार्ड, चेकबुक और क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इनके खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर तीन से अधिक शिकायतें दर्ज हैं।
प्रेमनगर पुलिस ने छह सदस्यीय गिरोह पकड़ा
थाना प्रेमनगर पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले छह सदस्यीय गिरोह को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुर अग्रवाल, फजल, तंजीम, मोहम्मद फराज और अब्दुल रज्जाक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह लोगों को अधिक मुनाफे का लालच या डर दिखाकर बैंक खातों में रकम जमा करवाता था।
इनके पास से चार मोबाइल फोन और तीन बैंक पासबुक भी बरामद की गई हैं।
कई थाना क्षेत्रों में चला एक साथ अभियान
ऑपरेशन के दौरान किला, कैंट, आंवला, देवरनियां, सुभाषनगर, बहेड़ी, शाही, अलीगंज, सीबीगंज, कोतवाली और क्योलड़िया समेत कई थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए हैं।
23 थानों में दर्ज हुए 41 मुकदमे
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन साईं-वज्र के तहत अब तक जिले के 23 थानों में 41 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। अभियान के दौरान कुल 58 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महाराष्ट्र, बिहार, तेलंगाना और कर्नाटक समेत कई राज्यों में करीब 1.67 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से जुड़े मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ेंः लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर भीषण हादसा: पुलिया से टकराई क्रेटा, सिपाही समेत तीन की मौत, दो जिंदगी की जंग लड़ रहे
