Sultanpur News : एसएन पब्लिक स्कूल के पास दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, मां गंभीर
मोतिगरपुर/सुलतानपुर, अमृत विचार। मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार करौंदी गांव निवासी अमर बहादुर पुत्र राम तीरथ अपनी मां के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे शाहपुर लपटा स्थित एसएन पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही मोतिगरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर भेजा।
वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद अमर बहादुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी मां की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
