Hardoi News : मतुआ गांव में चोरों का तांडव, एक ही रात में 3 घरों को बनाया निशाना; लाखों की डकैती से दहशत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

हरदोई। क्षेत्र के ग्राम सभा मतुआ में बीती रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। दो घरों से लाखों रुपये के जेवरात व नकदी चोरी कर ली गई, जबकि एक घर में चोरी का प्रयास असफल रहा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत के साथ पुलिस के प्रति भारी नाराजगी है।

पीड़ित इरफान पुत्र निजामुद्दीन ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात में छत पर सो रहे थे। सुबह गांव में चोरी की सूचना मिलने पर जब वह नीचे आए तो घर का मुख्य गेट खुला मिला। कमरे की अलमारी टूटी पड़ी थी और उसमें रखे करीब 10 लाख रुपये के जेवरात गायब थे।दूसरे पीड़ित विमलेश पुत्र बालता के घर से चोर एक बक्सा उठाकर करीब 300 मीटर दूर ले गए और उसे तोड़कर उसमें रखे लगभग 7 लाख रुपये के जेवरात व 7 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। 

वहीं उनकी सास जयदेवी, निवासी जगरौली थाना टड़ियावां, जो इलाज के लिए आई थीं, उनके भी 25 हजार रुपये नकद और सोने की झुमकी चोर ले उड़े।चोरों ने पप्पू कश्यप के घर में भी घुसकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन कोई कीमती सामान न मिलने पर खाली हाथ लौट गए।एक ही रात में तीन घरों में चोरी की वारदात से गांव में हड़कंप मच गया। 

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस प्रभावी गश्त नहीं कर रही है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द खुलासे और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।घटना की सूचना पर थाना प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : 
Sultanpur News : स्कूली बच्चों को सड़क पार करा रहे बस चालक की बाइक की टक्कर से मौत, दंपति घायल

संबंधित समाचार