UP Vigilance Raid: पूर्व ARTO के घर करोड़ों का खजाना! 13 किलो सोना, 1.62 करोड़ कैश और कई शहरों में संपत्तियों के दस्तावेज बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, लखनऊ स्थित आवास पर छापे में नकदी, सोना-चांदी, हीरे-जवाहरात, लग्जरी कारें और करोड़ों के निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले।

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश विजिलेंस (सतर्कता अधिष्ठान) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा के तत्कालीन एआरटीओ ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान टीम को करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी, हीरे-जवाहरात और बड़ी मात्रा में संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार, बरामद सोना, चांदी और आभूषणों का अनुमानित मूल्य करीब 20 करोड़ रुपये बताया गया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

कई शहरों में संपत्तियों के दस्तावेज मिले

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में स्थित आवासीय मकानों, प्लॉटों, फ्लैट बुकिंग और कृषि भूमि से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए। इसके अलावा बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।

दो कारें और रिवॉल्वर भी बरामद

छापेमारी के दौरान टीम ने टोयोटा इनोवा और हुंडई i20 कार के साथ एक रिवॉल्वर भी बरामद की। जांच में यह भी सामने आया कि मकान की साज-सज्जा और घरेलू उपकरणों पर भी लाखों रुपये खर्च किए गए थे।

2024 में दर्ज हुआ था मामला

सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वर्ष 2024 में ललित कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शासन के निर्देश पर जांच जारी थी। इसी क्रम में 7 और 8 जुलाई को लखनऊ के अलीगंज स्थित आवास पर छापेमारी की गई।

टीम को मिला पुरस्कार

इस कार्रवाई की सफलता पर पुलिस महानिदेशक और निदेशक सतर्कता ने लखनऊ सेक्टर की विजिलेंस टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ेंः Ayodhya News : राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पहली बार गोपाल राव बोले... मुझे ट्रस्ट से नहीं हटाया गया, दान में मिला सोना-चांदी सुरक्षित

संबंधित समाचार