सीतापुर : महमूदाबाद कोतवाली में विवाद बढ़ते ही युवक ने ब्लेड से रेती खुद की गर्दन, जिला अस्पताल रेफर
सीतापुर, अमृत विचार : खुशियों में पटाखे फोड़ने का मामला दूसरे पक्ष के साथ इतना बढ़ गया कि पीड़ित पक्ष थाने जा पहुंचा। थाना परिसर में बढ़ती रार के बीच जब मामला रिपोर्ट लिखवाने तक पहुंचा तो पटाखे फोड़ने वाले युवक ने खुद की गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया। महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोतीपुर वार्ड निवासी युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला मोतीपुर वार्ड निवासी राहुल के घर में छठी का कार्यक्रम था। देर रात आयोजित कार्यक्रम में प्रदीप पटाखे दगा रहे थे। ऐसे में पटाखे की चिंगारी पड़ोसी संतराम की बेटी के सिर में लग गई। देर रात किसी तरह मामला थमा, लेकिन सुबह रार बढ़ गई। बताते हैं कि संतराम का परिवार दोपहर बाद जब कोतवाली पहुंचा तो राहुल को बुलाया गया।
यहां जब उसे पता चला कि मुकदमा किसी गंभीर धाराओं में कायम होने की नौबत आ गई है तो उसने अपनी गर्दन पर ब्लेड से वार कर दिया। सीओ महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि खुद की गर्दन पर ब्लेड से वार करने के कारण राहुल सीएचसी महमूदाबाद से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।
सीओ बोले हालत सामान्य, लेकिन जिला अस्पताल रेफर
सीओ ने अपने बयान में कहा है कि राहुल ने थाने के भीतर खुद की गर्दन पर वार किया, हालत सामान्य है। सीएचसी महमूदाबाद से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बड़ा सवाल है कि जब हालत सामान्य है तो फिर युवक को रेफर ही क्यों किया गया।
युवक बोला- संतराम ने किया हमला, पुलिस ने किया उत्पीड़न
थाने से गंभीर हालत में सीएचसी ले जाए गए युवक का दावा है कि उसने खुद पर हमला नहीं किया, बल्कि संतराम ने उसकी गर्दन पर ब्लेड से कई वार किये। इतना ही नहीं पीड़ित पक्ष का ये भी आरोप है कि पुलिस ने उसका कई घंटों तक अत्यधिक उत्पीड़न भी किया।
