Lumpy Virus: यूपी में लंपी वायरस की चपेट में 12 जिले, कानपुर में एक और हापुड़ में 6514 गोवंश संक्रमित

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

हापुड़ में 51 और कानपुर में एक गोवंश मिला संक्रमित, अब तक 5332 हुए ठीक; 6.48 लाख से अधिक गोवंश का टीकाकरण

लखनऊ, अमृत विचार। हरियाणा से फैले लंपी वायरस (LSD) ने अब कानपुर नगर और हापुड़ में भी दस्तक दे दी है। हापुड़ में 51 और कानपुर के कल्याणपुर में एक गोवंश संक्रमित मिला है। सभी संक्रमित गोवंश का उपचार कराया जा रहा है और सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में अब तक 12 जिलों में 6514 गोवंश संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 5332 गोवंश स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 1182 का उपचार जारी है।

लंपी वायरस के मामले पहले अमरोहा, बागपत, बिजनौर, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, मथुरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली में सामने आ चुके हैं। अब कानपुर नगर और हापुड़ में मामले मिलने के बाद पशुपालन विभाग ने निगरानी और टीकाकरण बढ़ा दिया है।

हापुड़ में 51 संक्रमित, 23 गोवंश हुए ठीक

हापुड़ में मिले 51 संक्रमित गोवंश में से 23 स्वस्थ हो चुके हैं। शेष संक्रमित पशुओं का उपचार किया जा रहा है। वहीं कानपुर नगर के कल्याणपुर में एक गोवंश में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उसका उपचार जारी है और सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।

संक्रमित इलाकों में क्वारंटीन और रिंग वैक्सीनेशन

संक्रमित गोवंश मिलने के बाद पशुपालन निदेशालय की ओर से उच्चस्तरीय चिकित्सकों की टीम प्रभावित जिलों में भेजी गई है। संक्रमित पशुओं का उपचार और टीकाकरण कराने के साथ उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है। संक्रमित क्षेत्र के पांच किलोमीटर के दायरे में रिंग वैक्सीनेशन कराया जा रहा है, ताकि आसपास के अन्य गोवंशों में संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

6.48 लाख से ज्यादा गोवंश को लगी एलएसडी वैक्सीन

निदेशक रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र डॉ. संगीता तिवारी ने बताया कि प्रभावित जिलों में अब तक 6,48,689 गोवंशों को एलएसडी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इससे स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि अभी 1182 संक्रमित गोवंशों का उपचार चल रहा है।

अब तक किसी गोवंश की मौत नहीं

विभाग के अनुसार लंपी वायरस से अब तक किसी गोवंश की मृत्यु नहीं हुई है। सभी प्रभावित जिलों के लिए आवश्यक गाइडलाइन जारी की गई है और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। पशुपालन विभाग की टीमें संक्रमित क्षेत्रों में उपचार, टीकाकरण और निगरानी का काम कर रही हैं।

ये भी पढ़े : 
यूपी में बाढ़ से 12 जिले प्रभावित, चपेट में 64 हजार से ज्यादा लोग; 55 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

संबंधित समाचार