Lucknow News : नगर निगम टीम पर हमला पड़ा भारी! पारा में अवैध डेयरियों पर सख्ती, महापौर ने मौके पर पहुंचकर संभाली कमान

Amrit Vichar Network
On

भारी पुलिस बल के साथ चला अभियान, नगर निगम टीम पर हमले के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल ने लिया जायजा

लखनऊ के पारा क्षेत्र में नगर निगम ने अवैध डेयरियों के खिलाफ मंगलवार को फिर अभियान चलाया। कुछ दिन पहले कार्रवाई के दौरान नगर निगम और पुलिस टीम पर हमला हुआ था, जिसमें अधिकारी-कर्मचारी घायल हुए थे। इसके बाद महापौर सुषमा खर्कवाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई कराई।

लखनऊ, अमृत विचार। पारा क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ नगर निगम ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई की। कुछ दिन पहले अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाने पहुंची नगर निगम और पुलिस की टीम पर स्थानीय अराजक तत्वों ने हमला कर दिया था। घटना में नगर निगम और पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी घायल हुए थे। इसके बाद मंगलवार को नगर निगम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा अभियान चलाकर अवैध डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

महापौर ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

घटना को गंभीरता से लेते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल मंगलवार को पारा पहुंचीं। उन्होंने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। महापौर ने अधिकारियों को अवैध डेयरियों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भारी पुलिस बल के बीच चला अभियान

नगर निगम की कार्रवाई के दौरान पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा, जोन-6 के जोनल अधिकारी अमरजीत यादव, प्रवर्तन टास्क फोर्स (ETF) के साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच टीम ने क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाया। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, शहर में नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही डेयरियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

टीम पर हमला करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

महापौर सुषमा खर्कवाल ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, नगर निगम और पुलिस टीम पर हमला करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध डेयरियों के संचालन पर रोक लगाने के साथ ही नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यह भी पढ़ेंः जमीन के मामलों में लापरवाही पर CM योगी का सख्त रुख, बोले- रास्ता न दिला पाएं तो लेखपाल-कानूनगो-तहसीलदार सस्पेंड करो

संबंधित समाचार