बलिया में क्लीनिक संचालिका की हत्या से सनसनी, पति की शिकायत पर भतीजा गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

नगरा के गड़वार मोड़ स्थित क्लीनिक में मिला 35 वर्षीय कंचन भारती का खून से लथपथ शव; पति ने भतीजे पर लोहे की छड़ से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया।

बलियाः उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा कस्बे में एक क्लीनिक संचालिका की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के भतीजे ओंकारेश्वर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में महिला की मौत सिर पर लोहे के पाइप से प्रहार किए जाने के कारण होने की बात सामने आई है।

मृतका की पहचान 35 वर्षीय कंचन भारती के रूप में हुई है। वह खारी गांव निवासी बहुजन समाज पार्टी के स्थानीय नेता सियाराम की पत्नी थीं और करीब एक साल से नगरा कस्बे के गड़वार मोड़ पर क्लीनिक चला रही थीं।

देर शाम तक घर नहीं पहुंचीं तो पति क्लीनिक पहुंचे

पुलिस के अनुसार, कंचन भारती को शाम के समय आमतौर पर कभी उनके पति सियाराम तो कभी भतीजा ओंकारेश्वर क्लीनिक से घर लेकर आता था। मंगलवार देर शाम तक जब कंचन घर नहीं पहुंचीं तो उनके पति उन्हें लेने क्लीनिक पहुंचे।

वहां पहुंचने पर उन्होंने पत्नी को खून से लथपथ हालत में मृत पाया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

पति की तहरीर पर हत्या का मुकदमा

अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सियाराम की तहरीर के आधार पर उनके भतीजे ओंकारेश्वर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

सियाराम ने आरोप लगाया है कि ओंकारेश्वर ने लोहे की छड़ से प्रहार कर उनकी पत्नी की हत्या की।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

थाना प्रभारी संजय मिश्र ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने ओंकारेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि कंचन भारती की मौत सिर पर लोहे के पाइप से वार किए जाने के कारण हुई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हत्या के पीछे की वजह की जांच जारी

पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और घटना की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल पति की तहरीर और पुलिस की प्रारंभिक जांच के आधार पर भतीजे को आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया है। मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

यह भी पढ़ेंः पानी-पानी हुए नया बना जेवर एयरपोर्ट, बारिश के बाद जलभराव का वीडियो वायरल

संबंधित समाचार