प्रतापगढ़ में बारिश का कहर: 100 साल पुराना मकान भरभराकर गिरा, दंपती और दो मासूम बच्चों समेत 6 की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

महुली वार्ड में भोर के वक्त हुआ दर्दनाक हादसा, मलबे में दबकर एक ही परिवार के छह लोगों की गई जान; परिवार का बड़ा बेटा गंभीर घायल, अस्पताल में इलाज जारी

प्रतापगढ़ अमृत विचार  : लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार भोर में कोतवाली नगर के महुली वार्ड में   दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 100 वर्ष पुराना जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। मलबे में दबने से एक ही परिवार के दंपती,दो मासूम बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। 
 
मृतकों में प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव, पुत्र नितिन श्रीवास्तव, पुत्र वधू माधुरी श्रीवास्तव और दो मासूम बच्चे माधव और अद्विक शामिल हैं ।परिवार के बड़े बेटे अमन श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
 
Pratapgarh House Collapse
 
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, पुलिस - प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कई घंटों तक चले राहत एवं बचाव अभियान में मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। घायल अमन को तत्काल अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पूरे महुली वार्ड में मातम छाया हुआ है।
 
जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश के कारण जर्जर मकान के ढहने की बात सामने आ रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
 

संबंधित समाचार