चाकू लेकर मारने की कोशिश, पप्पू यादव पर हमला! समर्थकों ने की आरोपी की धुनाई
नई दिल्ली, अमृत विचार : बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की प्रेस कांफ्रेंस में बवाल की खबर है। यह बवाल उनके ऊपर हुये कथित हमले के बाद हुआ है। बताया जा रहा है कि प्रेसवार्ता के दौरान पप्पू यादव के समर्थकों और विरोधियों के बीच झड़प भी हुई है।
दिल्ली में सांसद पप्पू यादव के आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन पर एक शख्स ने कथित तौर पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। जिसके बाद पप्पू यादव के समर्थकों ने उस शख्स को दबोच लिया और जमकर पिटाई कर दी, जिसके चलते प्रेसवाार्त के दौरान वहां पूरी तरह से अफरा तफरी का माहौल बन गया।
हम डरेंगे नहीं, जिसको मारना हो मार दे
सांसद पप्पू यादव ने प्रेसवार्ता के दौरान अपने ऊपर हुए हमले के बाद कहा कि हम डरेंगे नहीं, जिसको मारना हो मार दे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से यह भी कहा कि आपलोगों के सामने मुझपर हमला किया है। इस दौरान उन्होंने सरकार को घेरा, उन्होंने कहा कि मैने तो कोई गुनाह किया नहीं, गुनाह तो चंपत राय ने किया है, उन्होंने यह भी कहा कि क्या उन्होंने चोरी की है।
संसद में पप्पू यादव बने थे पुजारी
संसद परिसर में बीते शुक्रवार को विपक्ष ने राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया था। विपक्षी नेताओं ने नाट्यकला के जरिए अपनी बात रखते हुए भाजपा पर निशाना साधा और मामले पर संसद में चर्चा कराने की मांग की थी। प्रदर्शन के दौरान बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पुजारी के वेश में संसद भवन के मकर द्वार के सामने पहुंचे। उनके हाथ में एक ‘दान पेटी’ थी, जिसके जरिए उन्होंने विपक्ष के आरोपों को दर्शाने की कोशिश की थी।
इतना ही नहीं प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता पप्पू यादव के पास पहुंचे और प्रतीकात्मक रूप से दान पेटी में पैसे डाले थे । इसके बाद पप्पू यादव ने पैसे अपनी जेब में रख लिए थे। विपक्ष ने इस नाटकीय प्रस्तुति के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की थी कि राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता हुई है। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने ‘चोर-चोर’ और ‘चढ़ावा चोर’ जैसे नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया था।
यह भी पढ़ेंः 120 साल पहले यूपी के गन्ने ने बचाई थी जावा की चीनी इंडस्ट्री, शाहजहांपुर की ‘चुन्नी’ बनी थी संकट का हल
