Sawan 2026: नन्हे कांवड़ियों की आस्था बनी आकर्षण का केंद्र, 40 किलोमीटर पैदल चलकर करेंगे भोलेनाथ का जलाभिषेक

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

40 KM पैदल चलकर करेंगे भोलेनाथ का जलाभिषेक

संभल में 10 से 14 साल के 13 स्कूली छात्र 40 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा पर निकले। राजघाट से गंगाजल लेकर नन्हे शिवभक्त सोमवार को शिव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे

संभल। सावन माह में भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति का अनोखा नजारा रविवार को राजघाट गंगा घाट पर देखने को मिला। महज 10 से 14 वर्ष की उम्र के 13 स्कूली छात्रों ने कांवड़ यात्रा का संकल्प लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कम उम्र में कंधों पर कांवड़ उठाकर 40 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकले इन नन्हे शिवभक्तों का उत्साह और श्रद्धा देखकर घाट पर मौजूद श्रद्धालु भावुक हो गए। पूरे रास्ते यह कांवड़ियों की टोली आकर्षण का केंद्र बनी रही।

राजघाट से भरा 31 लीटर गंगाजल

रविवार सुबह सभी छात्र टैंपो से बदायूं जनपद के राजघाट गंगा घाट पहुंचे। यहां विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने अपनी कांवड़ों में 31 लीटर गंगाजल भरा। इसके बाद भगवान शिव का स्मरण कर सभी बच्चों ने कंधों पर कांवड़ उठाई और 'हर-हर महादेव', 'हर-हर बम-बम' और 'भोले की फौज करेगी मौज' के जयघोष के साथ अपने गांव की ओर पैदल रवाना हो गए।

हाईवे पर दिखा नन्हे शिवभक्तों का जोश

जैसे ही बच्चों की टोली राजघाट से हाईवे पर पहुंची, राहगीरों की नजरें उन पर टिक गईं। श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह से भरे इन बच्चों को देखकर लोगों ने उनकी जमकर सराहना की। कई श्रद्धालुओं ने जय भोले के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया और उनकी सुरक्षित यात्रा व मनोकामना पूरी होने की कामना की।

सोमवार को करेंगे भगवान शिव का जलाभिषेक

ये सभी छात्र बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव समसपुर कूबरी के रहने वाले हैं। सभी सोमवार को अपने गांव स्थित शिव मंदिर पहुंचकर गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। बच्चों ने बताया कि उन्होंने भगवान भोलेनाथ की कृपा और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर यह कांवड़ यात्रा करने का संकल्प लिया है।

आस्था के आगे उम्र भी छोटी

कम उम्र में इतनी कठिन यात्रा का संकल्प लेकर निकले इन नन्हे कांवड़ियों ने यह संदेश दिया कि भक्ति के लिए उम्र नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और दृढ़ संकल्प सबसे बड़ा आधार होता है। उनकी आस्था और उत्साह ने हर किसी का दिल जीत लिया।

 

ये भी पढ़ें : 
Shravasti News: कमरे में फंदे से लटका मिला किशोरी का शव, माँ से मोबाइल को लेकर हुई थी कहासुनी 

संबंधित समाचार