Bahraich News: बहराइच में गरजीं अनुप्रिया पटेल, कहा- पिछड़ों के हक की लड़ाई हमेशा जारी रखेगा अपना दल

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बहराइच में अनुप्रिया पटेल का चुनावी शंखनाद

बहराइच। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल रविवार को बहराइच पहुंचीं। उन्होंने नगर स्थित वन सरिता रिसॉर्ट में आयोजित पार्टी के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा और पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।

पिछड़ों और वंचितों के मुद्दों को लेकर सरकार में उठाई आवाज

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल ने सरकार में रहते हुए हमेशा पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी की मांगों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने जातिगत जनगणना कराने का फैसला लिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि अपना दल प्रदेश में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

फिर से एनडीए सरकार बनाने का किया आह्वान

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए गांव-गांव तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य एक बार फिर प्रदेश में एनडीए की सरकार बनाना है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर दी प्रतिक्रिया

सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत में अनुप्रिया पटेल ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि सरकार मामले की निष्पक्ष जांच करा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पेपर लीक और विरोध प्रदर्शन पर भी बोलीं अनुप्रिया

सांसद पप्पू यादव के संसद परिसर में संत के भेष में प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन विरोध ऐसा नहीं होना चाहिए जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हों। पेपर लीक मामले पर उन्होंने कहा कि यह समस्या कई राज्यों में देखने को मिलती है। इसे रोकने के लिए सरकार सख्त कानून और व्यवस्था लागू कर रही है।

सम्मेलन में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में नानपारा से अपना दल विधायक राम निवास वर्मा, जिला अध्यक्ष गिरीश पटेल, अविनाश साहू, संजीव सिंह राठौर समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


ये भी पढ़ें : 

Raebareli News : फंदे से लटका मिला विवाहिता की मौत, पति समेत पांच पर दहेज हत्या का केस

संबंधित समाचार