Shravasti News: कमरे में फंदे से लटका मिला किशोरी का शव, माँ से मोबाइल को लेकर हुई थी कहासुनी
श्रावस्ती के सिरसिया थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी का शव घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
श्रावस्ती। सिरसिया थाना क्षेत्र के बेचर्ईपुरवा गांव में रविवार सुबह एक किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कमरे में मिला किशोरी का शव
जानकारी के अनुसार, बेचर्ईपुरवा निवासी मीरा देवी यादव (17) पुत्री अमरेश बहादुर यादव का शव रविवार सुबह घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी भरत पासवान, चौकी प्रभारी आदर्श कुमार मौर्य और थानाध्यक्ष सौरभ सिंह फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण
पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
मोबाइल को लेकर मां से हुई थी कहासुनी
मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मीरा का मोबाइल लेकर उसके पिता को दे दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद मीरा अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत पर गए हुए थे। कुछ देर बाद जब परिजन घर लौटे तो कमरे में किशोरी को फंदे से लटका देखकर उनके होश उड़ गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
