Bareilly News : सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर हाई अलर्ट, 40 संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और CCTV से निगरानी
कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा इंतजामों में जुटा प्रशासन, पूर्व में जहां विवाद वाली जगहों पर मुस्तैद रहेगी फोर्स
बरेली प्रशासन सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। नाथनगरी में 40 संवेदनशील पॉइंट चिन्हित किए गए हैं, जहां ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और पुलिस पिकेट से नजर रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों और खुराफातियों पर पुलिस सख्त एक्शन लेगी। ताज़ा न्यूज़ के लिए पढ़ें अमृत विचार।
बरेली, अमृत विचार। पिछले बरस उपद्रव झेल चुके बरेली शहर में सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन सुरक्षा इंतजामों में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा। नाथनगरी में 40 ऐसे स्थान संवेदनशील सूची में रखे गए हैं, जहां पूर्व में विवाद सामने आते रहे हैं। ऐसे सभी स्थानों की पुलिस पिकेट की तैनाती के साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की तैयारी कर ली गई है। इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से डे-नाइट मॉनीटरिंग के साथ गुप्तचर एजेंसियां भी इन जगहों पर नजर रखेंगी।
अफसरों के मुताबिक, महानगर के सभी 9 थाना क्षेत्रों के ऐसे सभी स्थान सूचीबद्ध किए गए हैं, जहां पिछले समय में धार्मिक जुलूसों के दौरान हुए विवाद सामने आए। इस लिहाज से 40 स्थान संवेदनशील पाए गए हैं। इनमें बारादरी, कोतवाली, प्रेमनगर और इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा स्थान संवेदनशील हैं। सावन माह में कांवड़ यात्रा के साथ हर समय धार्मिक गतिविधियां रहेंगी, इसलिए सभी संवेदनशील जगहों पर पुलिस पिकेट तैनात की जा रही। सीसीटीवी दिन-रात काम करेंगे। मिश्रित आबादी और भीड़ भरे इलाकों की मॉनीटरिंग को ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में नगर निगम के अंदर स्थापित इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से शहर के 145-165 जगहों पर एक साथ नजर रखी जा सकती है। आईसीसीसी में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी। सोशल मीडिया पर खुराफात और अफवाहें फैलाने वालों पर कार्रवाई के लिए भी पुलिस ने कमर कस ली है। सावन से पहले ही पुलिस टीमें सोशल मीडिया की मॉनीटरिंग में जुट गई हैं।
महानगर क्षेत्र में 40 प्वाइंट चिन्हित किए हैं, जहां पुलिस पिकेट के साथ सीसीटीवी और ड्रोन से पुलिस लगातार नजर रखेगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी पुलिस टीमें लगातार नजर बनाए हुए हैं। खुराफात करने वालों के खिलाफ कठोर एक्शन लिया जाएगा। -मानुष पारीक, एसपी सिटी।
