Shravasti News : CM Yogi के दौरे को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, मंगलवार को दोपहर 1 से शाम 6 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के श्रावस्ती दौरे के मद्देनजर मंगलवार को दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक जिले में भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा और प्रशासन ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

श्रावस्ती, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को प्रस्तावित श्रावस्ती दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि मंगलवार दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक जिले की सीमा में भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

यातायात व्यवस्था के तहत बहराइच-बलरामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से श्रावस्ती होते हुए बस्ती जाने वाले भारी वाहनों को दुनक्का तिराहा से पयागपुर-गोंडा-अयोध्या मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, गोरखपुर-बस्ती से बलरामपुर होकर बहराइच जाने वाले वाहनों को बस्ती-अयोध्या-गोंडा-बहराइच मार्ग से भेजा जाएगा। इसके अलावा बढ़नी/तुलसीपुर-बलरामपुर से श्रावस्ती होकर बहराइच जाने वाले मालवाहक वाहनों को भी गोंडा-बहराइच मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।

सीमा पर रहेगी कड़ी निगरानी

एसपी ने बताया कि बहराइच, गोंडा और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों पर पुलिस तैनात रहेगी। केवल सभा स्थल के लिए अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। अन्य सभी भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। गिलौला, मोहनीपुर, इटियाथोक और वीरपुर सहित विभिन्न डायवर्जन प्वाइंट पर पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

वाहन चालकों से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि 21 जुलाई को लागू यातायात व्यवस्था का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान यातायात सुचारु और सुरक्षित बना रहे।

संबंधित समाचार