जौहर यूनिवर्सिटी पर संसद से सड़क तक संग्राम : सपा सांसद ने लोकसभा में उठाया मुद्दा; छात्रों का तीसरे दिन भी प्रदर्शन जारी
लोकसभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव देकर ध्वस्तीकरण आदेश रोकने की मांग, बारिश के बीच छात्रों ने मुख्य गेट पर जारी रखा विरोध प्रदर्शन
रामपुर, अमृत विचार। जौहर यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों को ध्वस्त करने के आदेश का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। सोमवार को संसद के मानसून सत्र के दौरान रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने लोकसभा में इस मुद्दे को उठाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। दूसरी ओर, बारिश के बीच भी जौहर यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन जारी रहा।
लोकसभा में उठाया ध्वस्तीकरण का मुद्दा
सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने लोकसभा के नियम-56 के तहत कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर जौहर यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों को गिराने के आदेश पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है।
नदवी ने कहा कि यह मामला केवल भवनों का नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं की शिक्षा, परीक्षाओं, डिग्रियों और भविष्य से जुड़ा है। यदि शैक्षणिक भवनों को ध्वस्त किया जाता है तो विश्वविद्यालय की पूरी शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होगी और सैकड़ों शिक्षकों व कर्मचारियों की आजीविका भी संकट में पड़ जाएगी।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने के साथ ही देशभर के शैक्षणिक संस्थानों के लिए समान, पारदर्शी और गैर-भेदभावपूर्ण नीति लागू करने की मांग की, ताकि शिक्षा संस्थानों का राजनीतिकरण न हो।
अखिलेश यादव से मुलाकात, विपक्ष का समर्थन
सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात की। इस दौरान मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा समेत अन्य सांसद मौजूद रहे। संसद परिसर में सपा सांसदों और विपक्षी नेताओं ने नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के मुद्दे पर भी प्रदर्शन किया।

जौहर यूनिवर्सिटी के बाहर बारिश में भी जारी रहा छात्रों का आंदोलन
उधर, जौहर यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं ने बारिश के बावजूद मुख्य गेट पर तिरपाल लगाकर तीसरे दिन भी धरना जारी रखा। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) से ध्वस्तीकरण के आदेश वापस लेने की मांग की। आंदोलन स्थल पर दिनभर समाजवादी पार्टी और आजमवादी खेमे के नेताओं का आना-जाना लगा रहा। सतनाम सिंह मट्टू, आसिम खान, पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर खान, फातिमा जबी और बिलासपुर के अमरजीत सिंह सहित कई नेता छात्रों के समर्थन में पहुंचे।

जौहर विवि के समर्थन में AAP का सामूहिक उपवास
जौहर विश्वविद्यालय को बचाने और पेपर लीक जैसे मुद्दों के विरोध में आम आदमी पार्टी ने सोमवार को रामपुर जिला कार्यालय पर प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला के नेतृत्व में सामूहिक उपवास रखा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तख्तियां और बैनर लेकर शिक्षा, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। फैसल खान लाला ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय हजारों छात्रों के सपनों और शिक्षा का प्रतीक है तथा शिक्षा को राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा, न्याय और संविधान की रक्षा के लिए हर संघर्ष में जनता के साथ खड़ी रहेगी। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अंसार अहमद समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
