यूपी ATS की बड़ी कार्रवाई: बलरामपुर से संदिग्ध ISI एजेंट शहरेज अहमद गिरफ्तार, आतंकी साजिश का आरोप
बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में आतंकवाद रोधी दस्ते (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के एक कथित एजेंट को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गैसड़ी थाना क्षेत्र के जमधरा गांव निवासी शहरेज अहमद (29) के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को एटीएस की टीम ने गैसड़ी क्षेत्र में छापेमारी कर शहरेज अहमद को हिरासत में लिया। बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शहरेज अहमद मुंबई में रहकर कढ़ाई का काम करता था। इसी दौरान वह फेसबुक और सिग्नल ऐप के माध्यम से कथित तौर पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में आया। जांच एजेंसियों का आरोप है कि वह आतंकी गतिविधियों से जुड़ी साजिश में शामिल था।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को राजस्थान के श्रीगंगानगर से हथियार और विस्फोटक सामग्री जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस मामले में लखनऊ स्थित एटीएस थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
फिलहाल एटीएस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क भी शामिल है या नहीं।
