Moradabad News : दिल्ली रोड पर मिनी वैन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

पुलिस ने वाहन नंबर पर मुकदमा दर्ज किया

मुरादाबाद के दिल्ली रोड (जीरो प्वाइंट) पर तेज रफ्तार मिनी वैन की टक्कर से साइकिल सवार की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने वैन को कब्जे में ले लिया है।

मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली रोड स्थित जीरो प्वाइंट के पास सोमवार की देर रात एक तेज रफ्तार मिनी वैन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेजा। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने वाहन नंबर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पाकबड़ा थाना क्षेत्र के मोहल्ला बड़ा मंदिर निवासी 45 वर्षीय राजू मझोला स्थित एक प्राइवेट फर्म में काम करता था। सोमवार की रात काम निपटा कर साइकिल से वह अपने घर जा रहा था। जब वह दिल्ली रोड स्थित जीरो प्वाइंट के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार मिनी वैन के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे राजू गंभीर रूप से घायल हो गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने वैन चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त मिनी वैन को कब्जे में ले लिया। मृतक की पत्नी रीना ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर वाहन नंबर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

संबंधित समाचार