सीतापुर: युवक की मौत के बाद एएसपी पर पिटाई कराने का आरोप, परिजनों ने एसपी से की कार्रवाई की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

राजापुर निवासी युवक की विषाक्त पदार्थ सेवन से मौत के बाद परिजनों ने एपीटीसी में तैनात एएसपी पर चोरी के शक में पिटाई कराने का आरोप लगाया, एसपी ने जांच के दिए आदेश।

सीतापुर। खैराबाद थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी युवक की विषाक्त पदार्थ सेवन से हुई मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। मृतक के परिजनों ने सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (एपीटीसी) में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शगुन गौतम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि चोरी के संदेह में युवक की पिटाई कराई गई थी। उनका दावा है कि इसी घटना से आहत होकर युवक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।

चोरी के शक में पिटाई कराने का आरोप

परिजनों के अनुसार, राजापुर निवासी शैलेंद्र पाल एपीटीसी में तैनात एएसपी शगुन गौतम के यहां कार्य करता था। कुछ दिन पहले हुई चोरी की घटना के बाद उस पर संदेह जताया गया। आरोप है कि इसी शक के आधार पर उसकी पिटाई कराई गई, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

परिजनों का कहना है कि मानसिक तनाव और अपमान से आहत होकर शैलेंद्र ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस कार्यालय पहुंचकर परिजनों ने सौंपा शिकायती पत्र

घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण पुलिस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विरोध जताते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल को शिकायती पत्र सौंपा और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एसपी ने दिए जांच के निर्देश

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः Ram Mandir News : पूरी संस्था को कटघरे में खड़ा करना अनुचित.... राम मंदिर चढ़ावा मामले में जानिए ऐसा क्यों बोले सतीश महाना?

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज