मेरठ में छात्रा हत्याकांड पर बवाल, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज; पुलिस-प्रदर्शनकारियों में तीखी झड़प

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

न्याय की मांग को लेकर सड़क पर बैठे परिजन और दलित समाज के लोग, पुलिस ने हटाने की कोशिश की तो बढ़ा विवाद; वीडियो के आधार पर कार्रवाई की तैयारी

मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र में बीए की छात्रा की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर बुधवार को पीड़ित परिवार और दलित समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली कर निर्धारित स्थान चौधरी चरण सिंह पार्क में धरना देने का अनुरोध किया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने यह कहते हुए सड़क छोड़ने से इनकार कर दिया कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, वे पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान उन्होंने "लाठी चला दो, फिर भी नहीं हटेंगे" जैसे नारे लगाए, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया।

MUSKAN DIXIT (93)

सड़क खाली कराने के दौरान बढ़ा विवाद

सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित होने लगा तो पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस के अनुसार, समझाने के बावजूद जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो उन्हें हटाने के लिए लाठीचार्ज किया गया।

MUSKAN DIXIT (94)

परिजनों ने निष्पक्ष कार्रवाई की उठाई मांग

पीड़ित परिवार और प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

MUSKAN DIXIT (95)

लाठीचार्ज के बाद नए आरोप भी सामने आए

घटना के दौरान मौजूद कुछ पत्रकारों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मीडिया को भी कवरेज करने से रोकने की कोशिश की। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मौके पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एक अधिवक्ता के बीच तीखी बहस हुई तथा अधिवक्ता के साथ अभद्रता भी की गई।

हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया गया कि हिरासत में लिए गए एक अधिवक्ता ने पुलिस वाहन के भीतर फंदा लगाने का प्रयास किया, जिसके बाद उन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया।

MUSKAN DIXIT (96)

वीडियो फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सड़क जाम करने और माहौल खराब करने वालों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ेंः UP Vigilance Raid: पूर्व ARTO के घर करोड़ों का खजाना! 13 किलो सोना, 1.62 करोड़ कैश और कई शहरों में संपत्तियों के दस्तावेज बरामद

संबंधित समाचार