Balrampur News : बलरामपुर के 12,599 शिक्षाकर्मियों को मिलेगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज, राज्यमंत्री राकेश राठौर ने बांटे मुख्यमंत्री कैशलेस हेल्थ कार्ड
-राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु' ने बांटे कार्ड, बोले- स्वस्थ शिक्षक ही मजबूत शिक्षा व्यवस्था की नींव
बलरामपुर, अमृत विचार। शिक्षकों और शिक्षाकर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में मंगलवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। एमएलके पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास राज्यमंत्री राकेश कुमार राठौर 'गुरु' ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा योजना के राज्यव्यापी शुभारंभ का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इस अवसर पर विधायक पल्टूराम, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
राज्यमंत्री राकेश राठौर ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के आधार स्तंभ हैं। वे केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना भी विकसित करते हैं। ऐसे कर्मयोगी शिक्षकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना सरकार का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षकों के सम्मान और सुरक्षा के लिए यह ऐतिहासिक पहल की है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार नए मानक स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इससे गंभीर बीमारी की स्थिति में शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा और उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि जनपद बलरामपुर में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के कुल 12,599 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइयों को इस योजना का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षाकर्मी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें :
Gonda News: गोंडा में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में गैंगवार, फायरिंग में गोली लगने से एक घायल, इलाके में हड़कंप
