लखनऊ : रक्षाबंधन पर मिलावटी मिठाई खपाने की तैयारी, 4.62 लाख का माल सीज

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

खराब मिल्क केक व बरफी मौके पर कराई नष्ट

मिठाई के नाम पर मिलावट का खेल, एफएसडीए की छापेमारी में बड़ा खुलासा

लखनऊ, अमृत विचार : रक्षाबंधन के त्योहार पर मिलावटखोर बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थ खपाने की तैयारी में हैं। एफएसडीए टीम ने बुधवार और गुरुवार को मलिहाबाद, कठौली तथा नादरगंज में विभिन्न निर्माण इकाइयों पर की गई कार्रवाई में बेसन लड्डू, बरफी, काला जाम, पेड़ा, कलाकंद सहित 26 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। इसके अलावा लगभग 4.62 लाख मूल्य का कच्चा माल एवं खाद्य सामग्री सीज कराने के साथ 50,000 मूल्य का खराब मिल्क केक व बरफी मौके पर नष्ट कराई।

500 लीटर चीनी घोल एवं एक क्विंटल दूषित मिठाई कराई नष्ट

एफएसडीए टीम ने हरदोई रोड स्थित बनिया खेड़ा में आकृति गृह उद्योग का निरीक्षण किया। जिसमें सूजी पेड़ा, लाल पेड़ा, सूजी हलवा, सूजी बरफी एवं कलाकंद का निर्माण होते पाया गया। मौके पर 500 लीटर चीनी घोल तथा एक क्विंटल दूषित मिठाई नष्ट कराई। इसके अलावा स्थल से लाल पेड़ा, सूजी पेड़ा, कलाकंद, सूजी बर्फी, सूजी हलवा, एसएमपी, रिफाइंड पामोलीन ऑयल एवं चीनी सहित कुल 9 नमूने लिए।

50 किलो खराब बरफी व मिल्क केक कराया नष्ट

एफएसडीए टीम को मलिहाबाद तहसील के ग्राम रहीमाबाद में चौराहे पर स्थित रमेश तिवारी की मिठाई दुकान के निरीक्षण में 10 क्विंटल विभिन्न मिठाइयां मिलीं। मिलावट के संदेह पर मौके से काला जाम, बेसन लड्डू, बरफी, वर्कयुक्त बरफी, रसगुल्ला, गाेंद का लड्डू एवं अनरसा के 7 नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। 50 किलो मिल्क केक व बरफी खराब पाये जाने पर खाद्य कारोबारी ने मौके पर स्वयं नष्ट करा दिया।

4.62 लाख मूल्य की खाद्य सामग्री सीज

नादरगंज स्थित श्याम उद्योग के निरीक्षण में टीम ने मौके से मिल्क केक (गोपिका ब्रांड), कलाकंद, डोडा बर्फी, देसी घी, रिफाइंड सोयाबीन तेल, एसएमपी, सिट्रिक एसिड, वनस्पति एवं काजू बर्फी सहित कुल 10 नमूने लिए। खराब 50 किग्रा मिल्क केक एवं मूंगफली दाना मौके पर नष्ट कराया। संदेह के आधार पर परिसर में पाए गए लगभग 4.62 लाख मूल्य की खाद्य सामग्री सीज कर दी।

संबंधित समाचार