यूपी में राहत-बचाव कार्य में जुटा NDRF, रामबाग से ट्रेनों के संचालन पर ब्रेक; भदोही में 22 बाढ़ चौकियां सक्रिय
उत्तर प्रदेश के बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। प्रयागराज में NDRF की टीमें सक्रिय हैं, जबकि भदोही में 22 बाढ़ चौकियां निगरानी कर रही हैं। वाराणसी में भी लोगों को आपदा से बचाव के लिए जागरूक किया गया।
प्रयागराज/वाराणसी। अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में बाढ़ और जलभराव के बीच योगी सरकार ने प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। लखीमपुर खीरी और अयोध्या में राहत कार्यों पर विशेष जोर है, जबकि प्रयागराज में एनडीआरएफ की टीमें डूबने की घटनाओं में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। भदोही में भी गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर निगरानी बढ़ा दी है।
प्रयागराज में NDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन
प्रयागराज के नैनी क्षेत्र में 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ ने डूबे व्यक्ति की तलाश के लिए अभियान चलाया। 18 अगस्त को डीप डाइवर की मदद से शव बरामद किया गया। टीम ने लोगों से नदी, तालाब और जलाशयों के पास सावधानी बरतने तथा तेज बहाव और गहरे पानी वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की।
वाराणसी में चलाया जागरूकता अभियान
वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर एनडीआरएफ ने सिविल डिफेंस के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। श्रद्धालुओं और आम लोगों को बाढ़, डूबने, भूकंप और आग जैसी आपदाओं से बचाव के साथ प्राथमिक उपचार और सीपीआर की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में दामिनी ऐप के जरिए बिजली गिरने की चेतावनी और सचेत ऐप से मौसम व आपदा संबंधी अलर्ट प्राप्त करने की जानकारी दी गई। एनडीआरएफ ने लोगों से अफवाहों से बचने, सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
प्रयागराज में जलभराव, रामबाग से ट्रेनों का संचालन प्रभावित
प्रयागराज में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण उत्तर पूर्व रेलवे के रामबाग स्टेशन के ट्रैक और यार्ड में जलभराव हो गया है। इसके चलते रामबाग स्टेशन से शुरू और समाप्त होने वाली ट्रेनों का संचालन फिलहाल झूंसी स्टेशन से किया जा रहा है। उत्तर पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के मुताबिक, रामबाग स्टेशन निचले इलाके में स्थित है और यार्ड में पानी भर गया है। पानी निकालने का प्रयास लगातार जारी है। रामबाग से शुरू और समाप्त होने वाली चार पैसेंजर ट्रेनें फिलहाल झूंसी से संचालित हो रही हैं।
वहीं, उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि प्रयागराज जंक्शन, नैनी और छिवकी स्टेशनों पर जलभराव की सूचना नहीं है और इन स्टेशनों से ट्रेनें अपने समय पर चल रही हैं। प्रयागराज के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन और नगर निगम जल निकासी के प्रयास में जुटे हैं। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने भी शहर में जलभराव का स्वत: संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम को जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
भदोही में 22 बाढ़ चौकियां सक्रिय
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए भदोही जिला प्रशासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी आपदा शुभांगी शुक्ला ने गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों छिछुआ, धनतुलसी समेत विभिन्न स्थानों पर स्थापित बाढ़ चौकियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गंगा के जलस्तर, संभावित बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव की तैयारियों का जायजा लिया। जिला प्रशासन के अनुसार बाढ़ की निगरानी के लिए जिले में 22 बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं। इन चौकियों पर कर्मचारियों और संसाधनों की तैनाती की जानकारी भी ली गई।
स्वास्थ्य विभाग ने तैनात की रैपिड रिस्पांस टीमें
संभावित बाढ़ को देखते हुए जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित विकासखंडों में रैपिड रिस्पांस टीमें तैनात की हैं। पर्याप्त मात्रा में जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन के मुताबिक 19 अगस्त को गंगा नदी का जलस्तर 75.52 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर और तटवर्ती इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से गंगा नदी और आसपास के निचले व तटवर्ती क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित तहसील प्रशासन को देने को कहा गया है।
