Lucknow Accident : ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बाराबंकी के चार मजदूरों की दर्दनाक मौत; जानें कैसे हुआ हादसा

Amrit Vichar Network
On

लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर हिच पिन टूटने से ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार चार मजदूर दब गए और सभी की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी/लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के लखनऊ-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की हिच पिन टूटने से वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे की बैरिकेडिंग से टकराकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार बाराबंकी के चार मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हिच पिन टूटते ही अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोठी थाना क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्ठे से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ईंटें लादकर चार मजदूर लखनऊ की ओर जा रहे थे। ट्रैक्टर पीतांबर रावत (35) चला रहे थे। उनके साथ संदीप रावत (25), पवन रावत (25) और बलराम रावत (35) भी सवार थे। लखनऊ के गोसाईंगंज क्षेत्र में पहुंचते ही ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाली हिच पिन अचानक टूट गई। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर हाईवे की बैरिकेडिंग से जा टकराया और पलट गया।

ट्रैक्टर के नीचे दब गए चारों मजदूर

हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर पलटने के बाद चारों मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

तीन ने अस्पताल में, एक ने रास्ते में तोड़ा दम

पुलिस के मुताबिक, तीन मजदूरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईंगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य मजदूर ने गंभीर हालत में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में चारों मजदूरों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों में कोई कमी तो नहीं थी।

संबंधित समाचार