Kannauj News : तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने युवक को रौंदा, पहिए में फंसा शव; पुलिस की गाड़ी घेरकर परिजनों ने किया हंगामा
15 महीने पहले हुई थी शादी, तीन माह की है बेटी
कन्नौज के छिबरामऊ में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने खेत में जा रहे युवक को रौंद दिया। युवक का शव ट्रैक्टर के पहिए में फंस गया। पुलिस द्वारा शव ले जाने पर परिजनों ने सड़क पर हंगामा किया। बाद में समझाने पर मामला शांत हुआ और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
छिबरामऊ/कन्नौज, अमृत विचार। सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के राजा ईंट भट्ठे के पास खेत में छिड़काव की दवा लेने जा रहे अभिषेक राजपूत (निवासी घुसुआपुर) को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ट्रैक्टर के पिछले पहिए में बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर का पहिया खोलकर युवक के शव को बाहर निकाला। जब पुलिस शव को अपनी निजी गाड़ी से अस्पताल ले जाने लगी, तो परिजन भड़क गए। उन्होंने गाड़ी को घेरकर शव कब्जे में ले लिया और सड़क पर रखकर हंगामा व पुलिस से तीखी नोकझोंक की। बाद में छिबरामऊ इंस्पेक्टर कपिल दुबे, चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल सिंह और जिला पंचायत सदस्य प्रमोद राजपूत की समझाने के बाद मामला शांत हुआ, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक पाँच भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी को 15 महीने हुए थे। उसकी 3 माह की एक मासूम बेटी है। घटना के बाद से पत्नी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
