Gonda News: ई-पॉस मशीन और इलेक्ट्रॉनिक कांटे में उतरा करंट, कोटेदार के 17 वर्षीय नाती की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार। भदुवा तरहर गांव स्थित सरकारी राशन की दुकान पर शनिवार को खाद्यान्न वितरण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ई-पॉस मशीन और इलेक्ट्रॉनिक कांटे में करंट उतरने से कोटेदार के 17 वर्षीय नाती पीयूष बाजपेयी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

राशन तौलते समय करंट की चपेट में आया किशोर

गांव की कोटेदार कमला बाजपेयी का नाती पीयूष बाजपेयी (17) पुत्र भूपेंद्र बाजपेयी उर्फ बप्पे शनिवार सुबह खाद्यान्न वितरण में सहयोग करने राशन की दुकान पर गया था। परिजनों के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक कांटे में पहले से ही करंट उतरने की समस्या थी। शनिवार को खाद्यान्न तौलते समय जैसे ही

पीयूष ने इलेक्ट्रॉनिक कांटे को हाथ लगाया, वह करंट की चपेट में आ गया। अचानक हुए हादसे से दुकान पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शिकायत के बावजूद दूर नहीं हुई थी खामी

पीयूष के परिजनों का आरोप है कि इलेक्ट्रॉनिक कांटे और ई-पॉस मशीन में करंट उतरने की शिकायत संबंधित इंजीनियर और विभागीय अधिकारियों से पहले ही की गई थी। शिकायत के बाद मशीन और कांटे को करीब पांच दिनों तक पूर्ति कार्यालय में रखा गया, लेकिन आरोप है कि आवश्यक तकनीकी जांच और समुचित मरम्मत के बिना ही दोनों उपकरण वापस राशन की दुकान पर भेज दिए गए।

परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते उपकरणों की खराबी दूर कर दी जाती तो यह हादसा नहीं होता। उन्होंने लापरवाही के लिए जिम्मेदार इंजीनियरों और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीयूष दो भाइयों में छोटा था और अभी पढ़ाई कर रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और कोटेदार के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जांच के बाद होगी कार्रवाई: डीएसओ

जिला पूर्ति अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। ई-पॉस मशीन और इलेक्ट्रॉनिक कांटे से संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े : 
Sitapur News: टायर फटने से चलते ट्रक में लगी भीषण आग, लखनऊ-बरेली हाईवे पर तेज धमाका; दमकलकर्मियों ने पाया काबू

संबंधित समाचार