Gonda News : विधायक प्रेमनरायन पाण्डेय को जान से मारने की धमकी, 10 पर एफआईआर दर्ज
सुनील सिंह पर ‘एक हजार गोली मारने’ की धमकी देने का आरोप, विधायक की रेकी का भी दावा
गोंडा के तरबगंज विधायक प्रेमनरायन पाण्डेय को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। विधायक के बेटे विनोद कुमार पाण्डेय की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पर ‘एक हजार गोली मारने’ की धमकी देने और विधायक की रेकी करने का आरोप है।
तरबगंज/गोंडा, अमृत विचार : तरबगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमनरायन पाण्डेय को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। नगर पंचायत बेलसर के वार्ड नंबर 6 निवासी सुनील सिंह पर विधायक को खुलेआम जान से मारने की धमकी देने और ‘एक हजार गोली मारने’ की बात कहने का आरोप लगाया गया है।
मामले में विधायक के पुत्र एवं जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार पाण्डेय ने तरबगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जान से मारने की धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विनोद कुमार पाण्डेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता प्रेमनरायन पाण्डेय तरबगंज विधानसभा क्षेत्र-299 से विधायक हैं। आरोप है कि नगर पंचायत बेलसर के वार्ड नंबर 6 निवासी सुनील सिंह द्वारा विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक और धमकी भरी बातें कही गई हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सुनील सिंह ने विधायक को जान से मारने की धमकी देते हुए एक हजार गोली मारने की बात कही है। तहरीर के मुताहिक केवल धमकी तक ही मामला सीमित नहीं है, बल्कि आरोप लगाया है कि सुनील सिंह कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर विधायक की रेकी कर रहा है। शिकायत के मुताबिक इस कथित समूह में आठ से दस लोग शामिल हैं। ऐसे में विधायक और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है।
तहरीर में परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर करते हुए पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। घटना के बाद विधायक समर्थकों और स्थानीय लोगों के बीच भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। तरबगंज कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि विधायक के पुत्र एवं जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार पाण्डेय की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
इसमें जान से मारने की धमकी सहित अन्य गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान ऑडियो रिकॉर्डिंग समेत उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की जांच की जाएगी। साथ ही तहरीर में लगाए गए रेकी और अन्य आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ऑडियो रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में सौंपी
अमृत विचार: शिकायतकर्ता ने पुलिस को धमकी से संबंधित कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है। इसके लिए एक पेनड्राइव पुलिस को सौंपी गई है। शिकायतकर्ता विनोद पांडेय का कहना है कि ऑडियो में विधायक को धमकी देने और गोली मारने की बात स्पष्ट रूप से सुनी जा सकती है। पुलिस अब इस ऑडियो की सत्यता और उसमें मौजूद आवाज की पहचान समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
विधायक की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
विधायक को कथित तौर पर मिली धमकी के बाद उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। खास तौर पर रेकी किए जाने के आरोप को पुलिस गंभीरता से ले रही है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकी देने और रेकी से संबंधित आरोपों में कितनी सच्चाई है। फिलहाल मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। धमकी से संबंधित कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच को भी मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
