Barabanki News: भगौली तीर्थ जा रही कांवरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, कई घायल; एक की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

बाराबंकी मेंभगौली तीर्थ जा रही कांवरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में कई कांवरिए घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया

बाराबंकी, अमृत विचार। सावन माह में जलाभिषेक के लिए भगौली तीर्थ जा रहे कांवरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रविवार को बड्डूपुर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में उतर गई। हादसे में कई कांवरिए घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Kanwariyas (1)

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, सीतापुर जनपद के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के शहरा गांव निवासी करीब 40 कांवरिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर बड्डूपुर थाना क्षेत्र स्थित भगौली तीर्थ जल भरने जा रहे थे। 

Kanwariyas (2)

जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली सुरजना भारी मोड़ के पास पहुंची, तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खेत में उतर गई, जिससे उसमें सवार श्रद्धालु इधर-उधर गिर पड़े। दुर्घटना में अभिषेक पुत्र रामनरेश, उत्तम, उमाशंकर, सचिन, अमित सहित कई कांवरिए घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों को भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

Kanwariyas (3)

हादसे की सूचना मिलते ही बड्डूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य कराया और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया दुर्घटना तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हुई प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें : 
यूपी : लखनऊ में कल से बदला रहेगा ट्रैफिक, विधानसभा मानसून सत्र के चलते इन रास्तों पर डायवर्जन लागू, घर से निकलने से पहले पढ़ें अपडेट

 

संबंधित समाचार