Lucknow News: खाड़ी देश में नौकरी के नाम पर थमाया फर्जी वीजा, ठगे 1.50 लाख; जांच में जुटी पुलिस   

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

सआदतगंज में विदेश नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है।

लखनऊ में खाड़ी देश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 1.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ट्रैवेल एजेंसी का एजेंट बनकर आरोपी ने जाली वीजा थमा दिया। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। टूर एंड ट्रैवेल एजेंसी का एजेंट बनकर एक आरोपी ने अंबेडकरनगर निवासी व्यक्ति से खाड़ी देश में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और करीब 1.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। बाद में आरोपी ने पीड़ित को जाली वीजा थमा दिया। मामले में डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित के आदेश पर सआदतगंज पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रैवेल एजेंट बनकर दिया नौकरी का झांसा

अंबेडकरनगर के जलालपुर निवासी मो. समीर ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में उनका भाई मोहम्मद इमरान खाड़ी देश में नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उनकी मुलाकात सआदतगंज के कश्मीरी मोहल्ला निवासी मो. अजीम से हुई। समीर के अनुसार, अजीम ने खुद को टूर एंड ट्रैवेल कंपनी का एजेंट बताया और खाड़ी देश में नौकरी के लिए वीजा दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने वीजा, पासपोर्ट और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की मांग की।

पांच बार में ट्रांसफर किए 1,49,999 रुपये

पीड़ित ने बताया कि आरोपी की बातों में आकर उसने अपने भाई मोहम्मद गुफरान के खाते से आरोपी अजीम के बेटे मो. उजैफ और भतीजे सावेज खान के खातों में मार्च 2024 तक पांच बार में कुल 1,49,999 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपियों ने 14 नवंबर 2023 और 8 जनवरी 2024 को दो वीजा की कॉपी दी।

जांच में सामने आया फर्जी वीजा

वीजा पर शक होने के बाद पीड़ित ने इसकी जांच कराई तो पता चला कि दोनों वीजा फर्जी हैं। जब उसने आरोपी से रुपये वापस मांगे तो वह लगातार टालमटोल करता रहा और जल्द विदेश भेजने का आश्वासन देता रहा।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पीड़ित ने अंबेडकरनगर और लखनऊ में धोखाधड़ी की शिकायत की। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सआदतगंज पुलिस ने मो. अजीम, उसके बेटे मो. उजैफ और भतीजे सावेज खान के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। सआदतगंज इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

ये भी पढ़ें : 
Lucknow News: खुले में शौच के लिए गई 5 साल की बच्ची को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

संबंधित समाचार