Lucknow-Hardoi Highway: हिट एंड रन का सबसे खतरनाक रूट बना लखनऊ-हरदोई हाईवे, 18 महीने में 146 से ज्यादा मामले

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

2025 में 96 और जनवरी-जून 2026 में 50 से ज्यादा हिट एंड रन केस; मंडलायुक्त ने 24 घंटे गश्त बढ़ाने के दिए निर्देश, स्पीड गन से होगी वाहनों की निगरानी

लखनऊ, अमृत विचारः राजधानी से सटे छह हाईवे में लखनऊ-हरदोई मार्ग हिट एंड रन के मामलों में सबसे खतरनाक साबित हो रहा है। मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में रखे गए आंकड़ों ने इस हकीकत को उजागर किया।

बैठक में बताया गया कि जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच इस मार्ग पर 96 हिट एंड रन के मामले दर्ज हुए। वहीं जनवरी से जून 2026 तक ही 50 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। यह आंकड़ा लखनऊ से सटे अन्य पांच हाईवे सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली, लखीमपुर और मिल्कीपुर के कुल 87 मामलों से भी अधिक है। अधिकारियों का कहना है कि इस हाईवे पर अधिकृत रफ्तार 80 किमी प्रति घंटा है, लेकिन वाहन 100-110 किमी की रफ्तार से फर्राटा भर रहे हैं। तेज रफ्तार के कारण टक्कर मारकर भागने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बैठक की अध्यक्षता कर रहे मंडलायुक्त ने हिट एंड रन के बढ़ते मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग के प्रवर्तन दलों को 24 घंटे गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। गश्त की रिपोर्ट अगली सड़क सुरक्षा बैठक में प्रस्तुत की जाएगी।

स्पीड गन से होगी निगरानी

आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय ने बताया कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम के लिए स्पीड गन रडार से लैस वाहन तैनात किए गए हैं। रडार में कैद होने पर निर्धारित सीमा से तेज चलने वाले वाहनों पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः 

संबंधित समाचार