Raebareli News: वायरल VIDEO ने बढ़ाई पुलिस की मुश्किलें! बुजुर्ग से अभद्रता पर बहू ने लगाई एसपी से गुहार
रायबरेली के चंदापुर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों द्वारा एक बुजुर्ग के साथ कथित अभद्रता और जबरन ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बुजुर्ग की बहू ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है, जबकि थाना प्रभारी ने मामले को पड़ोसियों के विवाद से जुड़ा बताया है।
महराजगंज/रायबरेली, अमृत विचार। दबंगों की सांठगांठ से पुलिस द्वारा उसके बुजुर्ग को जबरन उठाने, अभद्रता करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की गंभीर धमकी देने के विरोध में एक महिला के साथ बहस का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। बुजुर्ग की बहू ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही की मांग की है।
मामला चंदापुर थाना क्षेत्र के जियापुर-शिवगढ़ मजरे मऊ का है। पीड़िता रीता ने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया 24 जुलाई की शाम 6 बजे। उनके गांव की एक महिला कथित तौर पर आपराधिक किस्म के व्यक्तियों और पुलिस के साथ स्कार्पियो गाड़ी में उनके घर पहुंची। आरोप है कि तीन पुलिसकर्मी उसके वृद्ध ससुर माताफेर को जबरन ले जाने लगे तो परिजनों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वे कोई चोर-बदमाश नहीं हैं और स्वयं पुलिस स्टेशन चलेंगे, तब भी पुलिसकर्मी उन्हें जबरदस्ती बाइक पर खींचकर ले जाने लगे।
फिलहाल वायरल वीडियो में तीन पुलिसकर्मी ही दिख रहे हैं। एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में यह भी आरोप है कि पुलिस और दबंग लोग उसके ससुर को बाइक से धक्का मारते हुए चौकी तक ले गए। चौकी में ले जाकर उनके साथ गाली-गलौज और फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़िता का छोटा बच्चा गंभीर रूप से बीमार है और इस पूरी घटना से परिवार में भारी डर व दहशत का माहौल है। पीड़िता ने एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में कई स्थानीय व बाहरी लोगों का उल्लेख करते हुए आशंका जताई है कि ये लोग पुलिस की शह पर उनके परिवार के साथ कोई बड़ी घटना या अनहोनी कर सकते हैं। मामले में चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया वायरल वीडियो में दिख रहा बुजुर्ग अपने पड़ोसी का पानी सरकारी नाली में नही जाने दे रहा है। उसने अपने बचाव में वीडियो बनाकर वायरल किया है। जांच के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः Raebareli News: रायबरेली में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, विरोध करते ही बरसाए फावड़े और रॉड
यह भी पढ़ेंः Explainer: NTA आखिर है क्या? जिस एजेंसी पर उठे सबसे बड़े सवाल, जानिए कैसे करती है काम और क्यों बार-बार विवादों में आई
