Shravasti News: स्कूल से लौटने के बाद अचानक गायब हुआ 9 साल का मासूम, रात में पानी भरे गड्ढे से मिला शव; हत्या या हादसा?
श्रावस्ती के गिलौला क्षेत्र में 9 वर्षीय छात्र का शव सड़क किनारे जलभराव वाले गड्ढे से बरामद। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी।
श्रावस्ती, अमृत विचार: गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम रानीपुर काजी के मजरा शिवबालक पुरवा में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में नौ वर्षीय छात्र का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम रानीपुर काजी के मजरा शिवबालक पुरवा निवासी अश्वनी कुमार पाठक (9) पुत्र रामेश्वर पाठक गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। शनिवार दोपहर स्कूल से घर लौटने के बाद बाहर खेलने के लिए गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। काफी देर तक बच्चे के घर न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। थक हार कर देर शाम परिजनों ने गिलौला थाने में तहरीर देकर बच्चे को खोजने व की मांग की। पुलिस गुमशुदगी दर्जकर उसकी तलाश कर रही थी। जांच के दौरान जानकारी मिली कि अश्वनी को गिलौला कस्बा के दो बालकों के साथ आखिरी बार देखा गया था। साथ ही यह भी जानकारी सामने आई कि उसे यूकेलिप्टस का पौधा लगाने के बहाने गांव के बाहर ले जाया गया था। पुलिस ने इन तथ्यों को जांच में शामिल कर खोजबीन शुरू किया। पुलिस ने तलाश अभियान के दौरान शनिवार रात नवनिर्मित बाईपास पर सड़क निर्माण के लिए निकली गई मिट्टी से हुए गहरे गड्ढे में जलभराव के बीच अश्वनी का शव बरामद किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया।
माता-पिता का इकलौता पुत्र था अश्वनी
अश्वनी तीन बहनों में इकलौता था। उससे एक बड़ी व दो छोटी बहनें हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। पिता रामेश्वर पाठक ने डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या की गई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा अपनी उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। वहीं थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः Raebareli News: रायबरेली में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, विरोध करते ही बरसाए फावड़े और रॉड
यह भी पढ़ेंः Raebareli News: वायरल VIDEO ने बढ़ाई पुलिस की मुश्किलें! बुजुर्ग से अभद्रता पर बहू ने लगाई एसपी से गुहार
