Raebareli News: रायबरेली में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, विरोध करते ही बरसाए फावड़े और रॉड
रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में पुराने जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवादित भूमि पर रास्ता बनाने के विरोध में फावड़े, लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सलोन/रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में पुराने जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। आरोप है कि दबंगों ने विवादित भूमि पर रास्ता बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर फावड़े, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर फट गए। घायलों का उपचार कराया गया है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विजय कुमार पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी रसूलपुर के अनुसार, उनका आरोपियों से जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है और इसी मामले में पूर्व से मुकदमा भी दर्ज है। आरोप है कि 23 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे मनीष, इतेश और विपिन विवादित भूमि पर रास्ता बनाने लगे। विरोध करने पर तीनों आरोपी एकराय होकर लाठी-डंडे, फावड़ा और लोहे की रॉड लेकर हमला कर बैठे।
पीड़ित का आरोप है कि मनीष ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर फावड़े से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं विपिन ने लोहे की रॉड से उसके भाई के बेटे पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची पीड़ित के भाई की पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
घटना में तीन लोगों के सिर फटने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ेंः STP टैंक में आखिर क्या हुआ? एक को बचाने उतरा गार्ड भी नहीं लौटा, जहरीली गैस से दो की मौत
